अबोहर: फाजिल्का जिले के अबोहर में मलोट रोड स्थित ट्रक यूनियन के पास एक होटल में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी प्रेमिका की होटल के कमरे में बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। युवती का शव अर्धनग्न अवस्था में खून से लथपथ मिला और उसकी आंखों पर पट्टी बंधी हुई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी प्रेमी जोमैटो से खाना ऑर्डर करने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मास्टर चाभी से खुला दरवाजा तो उड़ गए होश
होटल कर्मियों के मुताबिक, लड़का और लड़की मंगलवार शाम करीब 5 बजे होटल पहुंचे थे। महज आधे घंटे बाद, लगभग 5:30 बजे युवक कमरे से बाहर निकला और रिसेप्शन पर जोमैटो से खाना रिसीव करने की बात कहकर होटल से बाहर चला गया, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। शाम करीब 7 बजे जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई और काफी देर तक कोई बाहर नहीं आया, तो स्टाफ को शक हुआ। दरवाजा खटखटाने पर जब कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने मास्टर चाभी का इस्तेमाल किया। दरवाजा खुलते ही अंदर का नजारा देख कर्मियों के होश उड़ गए। युवती की लाश खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थी। उसकी गर्दन किसी धारदार हथियार से इतनी बुरी तरह काटी गई थी कि वह धड़ से अलग होने की कगार पर थी।
पुलिस ने होटल सील किया, प्रेमी की पहचान उजागर
घटना की सूचना मिलते ही सिटी थाना-1 के एसएचओ हरविंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए होटल को सील कर दिया और वहां का रिकॉर्ड व सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया। जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक कुई खेड़ा गांव का रहने वाला 22 वर्षीय सचिन है। वहीं, मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के कानपुर की मूल निवासी आरती के रूप में हुई है, जिसके पिता अबोहर में शहीद मेजर सुरिंदर सिंह चौक के पास स्थित गोशाला में काम करते हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी सचिन को ट्रेस कर लिया गया है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नाबालिग होने का शक, होटल पर गिर सकती है गाज
इस हत्याकांड में मृतका की उम्र को लेकर भी पेंच फंसा हुआ है। पुलिस रिकॉर्ड में उम्र 18 साल बताई जा रही है, लेकिन मौके पर पहुंचे मृतका के माता-पिता, जयलाल और गुड्डी देवी ने दावा किया है कि उनकी बेटी आरती की उम्र महज 17 साल थी। एसएचओ ने स्पष्ट किया है कि अगर जांच में लड़की नाबालिग साबित होती है, तो होटल प्रबंधन के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परिजनों ने बताया कि आरती दोपहर तक गोशाला में ही एक शादी समारोह में मौजूद थी, लेकिन कब वहां से निकली, उन्हें पता नहीं चला। वह पिछले 6 महीने से आरोपी सचिन के संपर्क में थी।

A young woman was found strangled to death in a Punjab hotel, her body blindfolded and half-naked




