You are currently viewing FB पर वर्क फ्रॉम होम का लालच पड़ा भारी, महिला ने गंवाए 31 लाख रुपए; NSE का फर्जी HR बनकर ठगों ने ऐसी लगाई चपत

FB पर वर्क फ्रॉम होम का लालच पड़ा भारी, महिला ने गंवाए 31 लाख रुपए; NSE का फर्जी HR बनकर ठगों ने ऐसी लगाई चपत

उडुपी: कर्नाटक के उडुपी शहर में साइबर अपराधियों ने एक महिला को ‘वर्क फ्रॉम होम’ के जरिए घर बैठे कमाई का झांसा देकर 31 लाख रुपये की भारी चपत लगा दी है। ठगों ने खुद को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का अधिकारी बताकर महिला का भरोसा जीता और फिर बड़ी ही चालाकी से उसकी गाढ़ी कमाई लूट ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ठगी की इस वारदात की शुरुआत 29 नवंबर को हुई, जब पीड़ित महिला ने फेसबुक पर घर बैठे काम करने से जुड़ी एक पोस्ट देखी। पोस्ट में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के कुछ ही देर बाद महिला के पास एक अनजान शख्स का फोन आया। उस व्यक्ति ने खुद को एनएसई (NSE) कॉर्पोरेट ऑफिस का एचआर (HR) बताया और महिला को पार्ट-टाइम जॉब का ऑफर दिया। इसके बाद शातिर ठग ने बातचीत को व्हाट्सएप और फिर टेलीग्राम ग्रुप पर शिफ्ट कर दिया, जहां महिला से एक डिजिटल फॉर्म भरवाया गया और कुछ आसान ‘टास्क’ पूरा करने पर अच्छी कमाई का दावा किया गया।

जालसाजों ने महिला का विश्वास जीतने के लिए वही पुराना ‘टास्क स्कैम’ का तरीका अपनाया। शुरुआत में महिला से यूपीआई के जरिए 1,000 और 2,000 रुपये का निवेश कराया गया। इसके बदले में स्कैमर्स ने तुरंत उसे 3,900 रुपये का रिटर्न दे दिया। छोटी रकम का मुनाफा और तुरंत रिटर्न देखकर महिला को यकीन हो गया कि यह काम असली है और इसमें कोई जोखिम नहीं है। इसी भरोसे ने उसे ठगों के जाल में पूरी तरह फंसा दिया।

भरोसा जीतने के बाद ठगों ने महिला को ‘हाई रिटर्न’ और रातों-रात अमीर बनने का सपना दिखाया। ज्यादा मुनाफे के लालच में आकर महिला ने ठगों के बताए अलग-अलग बैंक खातों में किस्तों में कुल 31 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इतनी बड़ी रकम हाथ लगते ही स्कैमर्स ने अपने सभी संपर्क नंबर बंद कर दिए और टेलीग्राम ग्रुप से भी गायब हो गए। जब काफी कोशिशों के बाद भी महिला का उनसे संपर्क नहीं हो पाया और कोई पैसा वापस नहीं मिला, तब उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का अहसास हुआ। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

A woman lost 31 lakh rupees after falling for a work-from-home scam on Facebook.