
सीकर: राजस्थान में सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली टक्कर का बदला लेने के लिए कुछ युवकों ने एक बेजुबान सांड को बोलेरो गाड़ी से कुचलकर मार डाला। घटना नेछवा गांव की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में भारी गुस्सा है।
जानकारी के मुताबिक, नेछवा गांव में एक शादी समारोह के दौरान बारात निकल रही थी। बारात में शामिल एक बोलेरो गाड़ी की टक्कर एक सांड से हो गई, जिससे गाड़ी के अगले हिस्से में मामूली नुकसान हुआ। इस छोटी सी बात पर बोलेरो में बैठे युवक आगबबूला हो गए और उन्होंने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं।
देखें VIDEO-
सीकर के नेछवा थाना इलाके में एक नंदी को बेरहमी से मार दिया गया
मारने का वीडियो देखने वालों के हृदय को कर देगा विचलित।
गाड़ी से टकराने के बाद सवार लोगों ने नंदी को गाड़ी से टक्कर मारकर उतारा मौत के घाट।
सीकर पुलिस इस मामले में जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी करे।@SikarPolice pic.twitter.com/tp1o1OhDhE— Madhusudan Sharma Rusu (@Madhusudanrusu) October 1, 2025
गुस्साए युवकों ने सांड का पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूर जाकर उन्होंने पहले सांड को पीछे से टक्कर मारकर जमीन पर गिराया और फिर उसकी गर्दन पर गाड़ी चढ़ा दी। इस क्रूरता के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने युवकों को रोकने की बहुत कोशिश की और सांड को छोड़ देने की गुहार लगाई, लेकिन युवकों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गाड़ी लेकर फरार हो गए। घायल सांड ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों, गोसेवकों और संत समाज में भारी आक्रोश फैल गया। महंत दिनेशगिरी और संत महावीर जति समेत कई गोसेवक नेछवा पुलिस थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। संतों ने कहा कि इस तरह की हिंसा को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
View this post on Instagram


A wedding procession collided with a bull








