You are currently viewing जालंधर में रेलवे लाइन की दीवार से टकराकर पलटा गाजरों से भरा ट्रक, गेटमैन की बाल-बाल बची जान; जानें हादसे की वजह

जालंधर में रेलवे लाइन की दीवार से टकराकर पलटा गाजरों से भरा ट्रक, गेटमैन की बाल-बाल बची जान; जानें हादसे की वजह

जालंधर: पंजाब में घने कोहरे का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिसके चलते सड़कों पर हादसों का सिलसिला जारी है। ताजा मामला जालंधर के फिल्लौर इलाके का है, जहां आज घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से गाजरों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर रेलवे लाइन की दीवार से टकराकर पलट गया। इस हादसे में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

यह हादसा जिस जगह हुआ, उससे कुछ ही दूरी पर रेलवे गेटमैन का केबिन स्थित था। ट्रक दीवार से टकराकर वहीं पलट गया। अगर ट्रक केबिन की चपेट में आता तो बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन गेटमैन बाल-बाल बच गया। घटना के प्रत्यक्षदर्शी और जानकारी देने वाले रत्न ने बताया कि यह ट्रक सुल्तानपुर से गाजरें लादकर दिल्ली की मंडी जा रहा था। रास्ते में कोहरा इतना घना था कि ड्राइवर को सड़क का अंदाजा नहीं हुआ और ट्रक बेकाबू होकर दीवार से जा टकराया।

राहत की बात यह है कि हादसे के वक्त ट्रक में सवार ड्राइवर और उसका साथी (क्लीनर) दोनों सुरक्षित हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने क्रेन की मदद से रास्ता साफ करवाकर यातायात सुचारू करवाया। बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि धुंध के दौरान गाड़ियों की रफ्तार धीमी रखें और फॉग लाइट्स का इस्तेमाल जरूर करें ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

A truck loaded with carrots overturned after hitting a wall along the railway line in Jalandhar.