दसूहा: जालंधर-जम्मू नेशनल हाईवे पर स्थित दसूहा के उच्ची बस्सी गांव के पास आज तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ दिल्ली से जम्मू जा रही एक डबल डेकर टूरिस्ट बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के आगे के पहिए निकल गए और बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में बस ड्राइवर और चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए दसूहा के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
कटर से बॉडी काटकर ड्राइवर को निकाला, दोनों टांगें टूटीं
हादसे के बाद मंजर बेहद भयानक था। टक्कर के कारण बस का केबिन बुरी तरह पिचक गया, जिससे बस ड्राइवर, जिसकी पहचान जम्मू निवासी इमराज शरीफ के तौर पर हुई है, अंदर ही फंस गया। ड्राइवर की दोनों टांगें टूट चुकी थीं और वह दर्द से तड़प रहा था। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा अधिकारी जसविंदर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बचाव दल को ड्राइवर को बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बस की बॉडी को कटर से काटने के बाद, करीब 2 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
तड़के 4 बजे हुआ हादसा, नींद में थे यात्री
बस कंडक्टर आसिफ ने जानकारी दी कि बस में करीब 46 यात्री सवार थे, जो दिल्ली से जम्मू के धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ, उस वक्त बस में सवार लगभग सभी यात्री गहरी नींद में थे। कंडक्टर के मुताबिक, सामने से अचानक रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। केबिन के पास बैठे यात्रियों को ही ज्यादा चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में ट्रक ड्राइवर सुरक्षित है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन घायलों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है।

A truck coming from the wrong side of the road collided with a bus on the Jalandhar-Jammu National Highway




