You are currently viewing पंजाब में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला: बेटी के ससुर संग लिव-इन में रहने लगी मां, राज खुलने पर बेटी को पागल बताकर जंजीरों से बांधा

पंजाब में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला: बेटी के ससुर संग लिव-इन में रहने लगी मां, राज खुलने पर बेटी को पागल बताकर जंजीरों से बांधा

जालंधर: पंजाब महिला आयोग के पास रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक ऐसा चौंकाने वाला मामला पहुंचा है, जिसने अधिकारियों को भी स्तब्ध कर दिया है। यहाँ एक मां पर आरोप है कि अपने पति की मौत के बाद उसने अपनी ही बेटी के ससुर के साथ अवैध संबंध बना लिए और अब वह बेटी की ससुराल में ही ससुर के साथ ‘लिव-इन रिलेशनशिप’ में रह रही है। जब बेटी ने मां की इस करतूत का विरोध किया, तो मां ने एक खौफनाक साजिश रचते हुए बेटी को ही रास्ते से हटाने की कोशिश की। पीड़िता ने आयोग को बताया कि उसे नशा करने का झूठा आरोप लगाकर जंजीरों से बांधकर रखा गया और घर से निकालने के लिए प्रताड़ित किया गया।

महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल के सामने पेश होकर पीड़िता ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। उसने बताया कि उसके पिता शुगर के मरीज थे और जिनका दो साल पहले निधन हो गया था। बीमारी के दौरान बेटी ही पिता को डायलिसिस के लिए अस्पताल ले जाती थी। पीड़िता का आरोप है कि जब वह अस्पताल में होती थी, तब उसकी मां बच्चों की देखभाल के बहाने उसकी ससुराल चली जाती थी और वहां उसके ससुर के साथ समय बिताती थी। पिता की मौत के बाद मां ने अकेलेपन और डर का बहाना बनाया और जिद करके बेटी के ससुराल में ही आकर रहने लगी। यहां आने के बाद जब बेटी ने मां और ससुर के बीच चल रहे इस रिश्ते का विरोध किया, तो मां पूरी तरह से उसके खिलाफ हो गई।

साजिश के तहत आरोपी मां ने अपने दामाद (पीड़िता के पति) को भी पत्नी के खिलाफ भड़का दिया। पीड़िता का भाई नशे का आदी है और वह अक्सर बहन की गाड़ी मांगकर ले जाता था। मां ने इसी बात का फायदा उठाया और दामाद को यह यकीन दिला दिया कि उनकी पत्नी ही नशा करती है और उसके दूसरों के साथ अवैध संबंध हैं। 13 और 10 साल के दो बच्चों की मां होने के बावजूद, पीड़िता को घर के अंदर जंजीरों से बांधकर रखा गया और 10-10 दिनों तक खाना नहीं दिया गया ताकि उसे मानसिक रूप से तोड़ा जा सके।

पीड़िता ने आयोग को यह भी बताया कि उसकी मां की आपराधिक प्रवृत्ति है और उसने नानी और मायके की जमीनों पर भी कब्जा कर रखा है। मां ने उसे धमकी दी है कि उसके पुलिस महकमे में गहरे संबंध हैं और जब उसने पुलिस वालों को नहीं बख्शा, तो बेटी उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। इस गंभीर मामले को सुनने के बाद महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली गिल ने तुरंत संज्ञान लेते हुए पुलिस के जरिए मामले की निष्पक्ष जांच कराने के आदेश दिए हैं। 

A shocking incident in Punjab: A mother started living in a live-in relationship with her daughter’s father-in-law