अमृतसर: अमृतसर देहाती क्षेत्र के अजनाला में आज तड़के करीब 4 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। अजनाला इलाके में रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और कार के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। गनीमत यह रही कि इस भयानक दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और कार में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए।
अस्पताल से दवा लेकर लौट रहा था परिवार
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस समय हुआ जब एक परिवार अपनी बीमार बेटी का इलाज करवाकर और दवा लेकर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रही रेत से लदी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार चला रहे युवक को चोटें आई हैं, जिन्हें मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत प्राथमिक उपचार मुहैया करवाया। राहत की बात यह है कि कार इतनी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बावजूद उसमें सवार परिवार के अन्य सभी सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।
ट्रॉली चालक फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली का चालक अपनी ट्रॉली समेत मौके से फरार होने में कामयाब हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे की असल वजह का पता लगाया जा सके और फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

A sand-laden tractor-trolley and a car collided violently in Punjab




