You are currently viewing कपूरथला में रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर से 4 लाख की ठगी, जमीन के नाम पर पिता-पुत्र ने लगाया चूना; केस दर्ज

कपूरथला में रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर से 4 लाख की ठगी, जमीन के नाम पर पिता-पुत्र ने लगाया चूना; केस दर्ज

कपूरथला: कपूरथला जिले में खाकी वर्दी पहनने वाले ही ठगी का शिकार हो गए। यहाँ एक रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर के साथ जमीन सौदे के नाम पर 4 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित अधिकारी की शिकायत पर सुल्तानपुर लोधी थाना पुलिस ने आरोपी पिता और पुत्र के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में गांव टुर्ना लोहोयां खास के निवासी रिटायर्ड इंस्पेक्टर लखविंदर सिंह ने बताया कि यह मामला वर्ष 2023 का है, जब वह सुल्तानपुर लोधी सब-डिवीजन में तैनात थे। उसी दौरान उनकी जान-पहचान शाहवाला अंदरिसा गांव के रहने वाले तरसेम सिंह से हुई। तरसेम सिंह ने लखविंदर सिंह को विश्वास में लेते हुए एक झूठी कहानी सुनाई। उसने बताया कि उसके ससुर बलबीर सिंह के पास ताशपुर मेन रोड पर करीब 7 किला बेशकीमती जमीन है। चूंकि उसकी पत्नी के दोनों भाइयों का निधन हो चुका है, इसलिए ससुर यह जमीन अपनी बेटियों को देना चाहते हैं। तरसेम ने इच्छा जताई कि वह पत्नी के हिस्से की जमीन बेचकर मिले पैसों से कोई कारोबार शुरू करना चाहता है और अपने बेटे अजयदीप सिंह को विदेश भेजना चाहता है।

बातों में आकर रिटायर्ड इंस्पेक्टर ने 40 लाख रुपये प्रति किला के हिसाब से जमीन का सौदा तय कर लिया। भरोसे के तौर पर उन्होंने तरसेम सिंह और उसके बेटे अजयदीप सिंह को 4 लाख रुपये बयाना (एडवांस) राशि भी दे दी। पैसे लेने के बाद आरोपी रजिस्ट्री कराने में टालमटोल करने लगे। इसी बीच लखविंदर सिंह की मुलाकात तरसेम के ससुर बलबीर सिंह से हुई, तो पूरी पोल खुल गई। बलबीर सिंह ने बताया कि वह जमीन बेटियों को नहीं, बल्कि अपनी पोती को देने वाले हैं। जब पीड़ित ने तरसेम से जवाब मांगा, तो उसने पैंतरा बदलते हुए कहा कि उसके बेटे के नाम पर गांव में 7 मरले की निजी जगह है, वह उसकी रजिस्ट्री करवा देगा।

हैरानी की बात यह रही कि आरोपियों ने न तो ताशपुर वाली जमीन की रजिस्ट्री करवाई और न ही बाद में वादा की गई 7 मरले जगह की। जब लखविंदर सिंह ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपी मुकर गए। सुल्तानपुर लोधी थाने की एसएचओ सोनमदीप कौर ने बताया कि पीड़ित के बयानों और जांच के आधार पर आरोपी तरसेम सिंह और उसके बेटे अजयदीप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।