लुधियाना: लुधियाना के गोविंदगढ़ जोगियन इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि अब मासूम बच्चों का घरों से बाहर निकलना भी दुश्वार हो गया है। रविवार को इलाके में एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई, जहां गली में खेल रही तीन साल की मासूम बच्ची चांदनी पर एक आवारा कुत्ते ने जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची को इतनी बुरी तरह से नोचा कि उसे बेहद गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है।
अचानक टूट पड़ा कुत्ता और खून से लथपथ हो गई मासूम
पीड़ित बच्ची के पिता चंदन ने बताया कि वह अपने काम पर गए हुए थे, तभी उनकी पत्नी ने रोते हुए फोन कर इस भयानक घटना की जानकारी दी। बच्चे घर के बाहर गली में खेल रहे थे, तभी अचानक एक खूंखार कुत्ते ने चांदनी पर हमला कर दिया। कुत्ते ने मासूम को जमीन पर गिरा लिया और उसके सिर तथा चेहरे को बेरहमी से नोचना शुरू कर दिया। जब तक आसपास के लोग बच्ची की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने दौड़े, तब तक वह पूरी तरह से लहूलुहान हो चुकी थी।
नाजुक हालत में सिविल अस्पताल में चल रहा इलाज
घायल चांदनी को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल इलाज शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत बेहद नाजुक थी और कुत्ते के हमले के कारण शरीर के कई हिस्सों से मांस तक लटक रहा था। घाव इतने गहरे थे कि इलाज में खासी दिक्कत आ रही थी, लेकिन बच्ची की गंभीर स्थिति और परिवार की चिंता को देखते हुए उसके सिर और चेहरे पर करीब 35 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल बच्ची का अस्पताल में इलाज जारी है, लेकिन वह इस खौफनाक घटना के बाद से गहरे सदमे में है।
लोगों में भारी रोष, कुत्तों को शेल्टर होम भेजने की मांग
इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में नगर निगम के खिलाफ भारी रोष पनप रहा है। पिता चंदन और इलाका निवासियों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इलाके में आतंक का पर्याय बन चुके इन आवारा कुत्तों को तुरंत पकड़ा जाए। लोगों ने मांग की है कि इन खूंखार कुत्तों को शहर के नए बने शेल्टर होम में शिफ्ट किया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को समय रहते जागना चाहिए ताकि भविष्य में कोई और मासूम इन आदमखोर कुत्तों का शिकार न बने।

A man-eating dog ravages Punjab; a 3-year-old girl’s face is severely mauled




