जालंधर: चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (सीए) और कॉमर्स की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों के लिए जालंधर में नए अध्याय की शुरुआत हुई है। शहर के सूर्या एन्क्लेव स्थित ‘इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया’ (ICAI) के नवनिर्मित परिसर का भव्य उद्घाटन किया गया। इस आधुनिक भवन के शुरू होने से अब सीए प्रोफेशनल्स और छात्रों को ट्रेनिंग और प्रोफेशनल कार्यों के लिए एक विश्वस्तरीय मंच मिल गया है।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए इंस्टीट्यूट के नेशनल चेयरमैन सीए चरणजोत सिंह नंदा ने भवन का लोकार्पण किया। अपने संबोधन में उन्होंने इस नए परिसर को ‘शिक्षा का मंदिर’ करार दिया। उन्होंने न केवल मौजूद सुविधाओं की सराहना की, बल्कि एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि इस परिसर में जल्द ही एक भव्य ऑडिटोरियम भी बनाया जाएगा, जिसे शीघ्र मंजूरी दी जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि सीए सदस्यों और छात्रों की सुविधाओं के विस्तार में फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
जालंधर ब्रांच के चेयरमैन सीए पुनीत ओबेरॉय ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि इस भवन का सपना वर्ष 2013-14 में देखा गया था, जो अब जाकर साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि पंजाब में जालंधर सीए प्रोफेशनल्स का एक प्रमुख हब है, जहाँ पूरे दोआबा क्षेत्र के छात्र आर्टिकलशिप और ट्रेनिंग के लिए आते हैं। अब इस नए भवन के माध्यम से जिले के लगभग 1500 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और 5000 से अधिक विद्यार्थियों को अपने प्रोफेशनल कार्यों और उच्च स्तरीय ट्रेनिंग के लिए एक ही छत के नीचे बेहतरीन सुविधाएँ मिल सकेंगी।
नए परिसर को पूरी तरह से भविष्य की जरूरतों और आधुनिक तकनीक को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। छात्रों के लिए यहाँ 65-65 सीटों की क्षमता वाली दो अल्ट्रा-मॉडर्न आईटी लैब्स स्थापित की गई हैं, जहाँ वे तकनीकी दक्षता हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा, छात्रों की ओरिएंटेशन क्लासेस के लिए डिजिटल लर्निंग की सुविधा वाला एक विशेष आधुनिक हॉल बनाया गया है। रिसर्च और गहन अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए सदस्यों और छात्रों के लिए एक समृद्ध लाइब्रेरी की व्यवस्था भी की गई है। सुविधा के लिहाज से पूरा कैंपस सेंट्रली एयर कंडीशन्ड है और यहाँ लिफ्ट व 24 घंटे पावर बैकअप जैसी सभी जरूरी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।

इस बारे में जब हमारी टीम ने स्टूडेंट Ramneek Bhatia से बात की तो उन्होंने बताया कि “इस नए ICAI परिसर का उद्घाटन हमारे लिए एक सुनहरा अवसर है। अत्याधुनिक IT लैब्स, डिजिटल लर्निंग हॉल और समृद्ध लाइब्रेरी जैसी सुविधाओं ने हमें अपने ज्ञान और कौशल को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का अवसर दिया है। अब हम एक विश्वस्तरीय माहौल में प्रशिक्षण और अध्ययन कर, अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। यह परिसर सच में शिक्षा का मंदिर है।
इस अवसर पर सेंट्रल काउंसिल मेंबर सीए संजय कुमार अग्रवाल, सीए संजीव सिंघल और एनआईआरसी के चेयरमैन सीए जगजीत सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

A major gift for CA professionals and students in Jalandhar: The new high-tech building of ICAI in Surya Enclave




