जालंधर: जालंधर में कमिश्नरेट पुलिस के कड़े सुरक्षा दावों के बावजूद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। शहर के पॉश इलाके अर्बन एस्टेट फेज-2 में एचडीएफसी (HDFC) बैंक के सामने बेखौफ लुटेरों ने एक कार सवार दंपति को निशाना बनाया। लुटेरे महिला के हाथ से रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए, जिसमें 19 लाख रुपये की बड़ी रकम थी। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
तलवार जैसी चीज दिखाकर झपटा बैग
पीड़ित महिला ने घटना की रोंगटे खड़े कर देने वाली जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी आर्टिफिशयल ज्वैलरी की दुकान है। वह और उनके पति किसी को पेमेंट देने के लिए बैंक के पास पहुंचे थे। जब उनके पति कार पार्क कर रहे थे, तब वह पैसों से भरा बैग हाथ में लेकर बैंक के बाहर खड़ी थीं। तभी अचानक दो लुटेरे वहां आ धमके। महिला के मुताबिक, लुटेरों के हाथ में तलवार जैसी कोई धारदार चीज थी। बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर पलक झपकते ही उनके हाथ से 19 लाख रुपये वाला बैग छीना और मौके से फरार हो गए।
दूसरे बैंक से निकालकर लाए थे 17 लाख
लूट की यह योजना संभवतः पहले से बनाई गई थी, क्योंकि दंपति के पास भारी मात्रा में कैश था। पीड़ित परिवार ने बताया कि वे सुबह फुटबॉल चौक के पास विजय नगर स्थित एक अन्य बैंक शाखा से 17 लाख 10 हजार रुपये कैश निकालकर लाए थे। इसके अलावा 2 लाख रुपये उन्होंने घर से लिए थे। कुल मिलाकर बैग में करीब 19 लाख 10 हजार रुपये थे। यह सारी नकदी उन्हें किसी को देनी थी, लेकिन भुगतान करने से पहले ही वे लुट गए।
CCTV खंगाल रही पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
वारदात की सूचना मिलते ही थाना नंबर-7 की पुलिस तुरंत हरकत में आई। एसएचओ बलविंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ित महिला और उनके पति के बयान दर्ज कर लिए हैं। एसएचओ ने बताया कि बैंक के बाहर और आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि लुटेरों का सुराग मिल सके और उनके आने-जाने के रास्ते का पता चल सके। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

A major crime took place in broad daylight in Jalandhar; a woman was robbed of Rs. 19 lakh outside an HDFC bank




