लुधियाना: लुधियाना रेलवे स्टेशन पर आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्टेशन के वॉशरूम एरिया में एक जोरदार धमाका हुआ। यह ब्लास्ट सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब प्लेटफॉर्म पर कटरा स्पेशल ट्रेन आकर खड़ी हुई थी और स्टेशन परिसर में सैकड़ों की तादाद में यात्री मौजूद थे। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि पूरा स्टेशन परिसर दहल उठा, जिसके तुरंत बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
बाल-बाल बचे प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्री, दहशत का माहौल
धमाके के वक्त वॉशरूम और प्लेटफॉर्म के आसपास मौजूद यात्रियों ने बताया कि आवाज सुनते ही वे बुरी तरह सहम गए। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि धमाका बेहद खौफनाक था और वे बहुत किस्मत वाले थे जो बाल-बाल बच गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस घटना में अभी तक किसी के घायल होने या जान-माल के बड़े नुकसान की खबर नहीं आई है, लेकिन इस अप्रत्याशित धमाके के बाद से पूरे रेलवे स्टेशन पर दहशत का माहौल बना हुआ है।
खोजी कुत्तों और बम निरोधक दस्ते के साथ पहुंची पुलिस
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस के आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए। सुरक्षा एजेंसियों ने फौरन पूरे वॉशरूम एरिया को सील कर दिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। धमाका किसी शरारती तत्व की करतूत थी, वाशरूम में कोई संदिग्ध सामग्री फटने से हुआ या फिर इसके पीछे कोई और बड़ी वजह है, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच की जा रही है। फिलहाल रेलवे अधिकारियों की ओर से विस्तृत रिपोर्ट और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

A loud explosion rocked the Ludhiana railway station early in the morning








