जालंधर: पंजाब में बसंत पंचमी के त्योहार से ठीक पहले प्रशासन की सख्ती के बावजूद चाइना डोर (खूनी डोर) की अवैध बिक्री थमने का नाम नहीं ले रही है। ताज़ा मामला जालंधर के राज नगर इलाके का है, जहाँ एक बंद क्वार्टर के अंदर भारी मात्रा में प्रतिबंधित चाइना डोर का स्टॉक मिलने से हड़कंप मच गया है। शहर के बीचों-बीच इतना बड़ा स्टॉक मिलने से पुलिस की कार्यप्रणाली और नाकेबंदी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि राज नगर स्थित एक रिहायशी क्वार्टर में चाइना डोर का भारी स्टॉक जमा किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। हालांकि, मौके पर पहुँचने पर पुलिस को क्वार्टर पर ताला लगा मिला। आसपास के लोगों से पूछताछ करने पर भी न तो मकान मालिक का पता चला और न ही किरायेदार की कोई जानकारी मिल सकी।
फटे बोरों से झांक रहे गट्टू
बाहर से निरीक्षण करने पर पुलिस ने पाया कि घर के अंदर रखे कई बोरे फटे हुए हैं, जिनमें से चाइना डोर के गट्टू साफ दिखाई दे रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यहाँ त्योहार के मद्देनजर सप्लाई के लिए बड़ी खेप जमा की गई थी।
FIR दर्ज, ताला तोड़ने के लिए कोर्ट की अनुमति का इंतज़ार
पुलिस ने देर रात इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह मामला किन धाराओं के तहत दर्ज हुआ है। जांच अधिकारी ने बताया कि बंद क्वार्टर को कानूनी प्रक्रिया के तहत खोलने के लिए न्यायालय से अनुमति मांगी गई है। कोर्ट के आदेश के बाद ही कमरों के ताले तोड़े जाएंगे और जब्त माल की सही गिनती की जा सकेगी।
प्रशासन की सख्ती के दावों की खुली पोल
हैरानी की बात यह है कि पुलिस प्रशासन लगातार चाइना डोर के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का दावा कर रहा है। इसके बावजूद शहर के घनी आबादी वाले इलाके में इतनी बड़ी मात्रा में अवैध डोर का डंप होना यह बताता है कि तस्कर पुलिस की नाक के नीचे अपना कारोबार चला रहे हैं। अब देखना होगा कि क्वार्टर खुलने के बाद पुलिस असली दोषियों तक पहुँच पाती है या नहीं।









