जालंधर: गोराया नेशनल हाईवे पर चचराड़ी ओवरब्रिज के पास आज एक ऐसा भयानक हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके में भारी दहशत फैला दी। एक केमिकल और प्लास्टिक के दाने से भरे ट्रक में अचानक इतनी भयंकर आग लग गई कि उसे बुझाने में दमकल विभाग की 10 गाड़ियों को 5 घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। इस खौफनाक मंजर और आसमान छूती लपटों को देखकर हाईवे से गुजर रहे लोगों की रूह कांप गई।
खराब मशीन में पीछे से मारी जोरदार टक्कर
यह भीषण हादसा उस वक्त हुआ जब सौवर सिंह नाम के एक व्यक्ति अपनी मोटर ग्रेडर मशीन को पटियाला से अमृतसर ले जा रहे थे। गोराया चचराड़ी ओवरब्रिज के पास अचानक उनकी मशीन में कुछ तकनीकी खराबी आ गई। सौवर सिंह मशीन को चेक करने के लिए जैसे ही नीचे उतरे, पीछे से लुधियाना से जालंधर की ओर तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी खड़ी मशीन में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि कुछ ही पलों में आग भड़क उठी।
नशे में धुत्त था ट्रक का ड्राइवर!
सौवर सिंह ने इस खौफनाक हादसे के पीछे एक सनसनीखेज आरोप लगाया है। उनका कहना है कि टक्कर मारने वाला ट्रक ड्राइवर पूरी तरह से नशे में धुत्त था। हादसे के तुरंत बाद सौवर ने हिम्मत दिखाते हुए उस ड्राइवर को ट्रक से नीचे उतारा, लेकिन अफरा-तफरी का फायदा उठाकर वह शातिर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। इसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को इस भयावह घटना की सूचना दी गई।
प्लास्टिक के दानों ने आग में डाला घी का काम
सड़क सुरक्षा फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह के मुताबिक, जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो ट्रक और मोटर ग्रेडर मशीन दोनों आग के बड़े गोले में तब्दील हो चुके थे। ट्रक में भारी मात्रा में प्लास्टिक का दाना और ज्वलनशील केमिकल भरा होने के कारण आग ने चंद मिनटों में ही बेहद विकराल रूप धारण कर लिया था। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को कुछ भी सोचने-समझने का मौका ही नहीं मिला।
घंटों तक ब्लॉक रहा हाईवे, दूसरे शहरों से बुलानी पड़ी मदद
हालात की गंभीरता और खतरे को देखते हुए पुलिस ने तुरंत पूरे हाईवे को बैरिकेड लगाकर सील कर दिया। किसी बड़े हादसे को टालने के लिए ट्रैफिक को तुरंत सर्विस लेन की तरफ डायवर्ट किया गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्थानीय दमकल गाड़ियों के अलावा फिल्लौर और फगवाड़ा से भी फायर ब्रिगेड की टीमों को आपातकालीन स्थिति में बुलाना पड़ा। करीब 5 घंटे की लगातार मशक्कत के बाद इस भीषण आग पर काबू पाया जा सका। पुलिस अब फरार ट्रक ड्राइवर की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

A horrific fire broke out on the Jalandhar-Ludhiana highway, 10 fire engines battled it out




