जालंधर/भोगपुर: जालंधर के भोगपुर हाईवे पर सुबह घनी धुंध और कम विजिबिलिटी के चलते एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यहाँ किशनगढ़ चौक के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक और संगत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
कोहरे के कारण नहीं दिखा सामने वाला वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह के वक्त इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था, जिस कारण सड़क पर कुछ भी साफ दिखाई नहीं दे रहा था। विजिबिलिटी बेहद कम होने की वजह से ट्रक चालक सामने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को देख नहीं पाया और उसमें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी सर्विस लाइन पर जा पलटे। हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और चीख-पुकार मच गई।
सड़क सुरक्षा फोर्स ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात पूरी तरह से बाधित रहा। सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सुचारू किया जा सका।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की मुख्य वजह घना कोहरा मानी जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी गौर कर रही है।

A horrific collision between a truck and a tractor-trolley in Jalandhar




