जालंधर: महानगर के चिक-चिक चौक के पास उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला शीशा चकनाचूर होकर सड़क पर बिखर गया और दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा। धमाके जैसी तेज आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर सहम गए और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गनीमत यह रही कि इतनी भयानक दुर्घटना के बावजूद कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और दोनों वाहन चालक बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस समय यह हादसा हुआ, चौक पर ट्रैफिक का काफी दबाव था। दोनों वाहनों की गति तेज होने के कारण वे अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहनों और बिखरे कांच के कारण कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया और जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही एसआई गोपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले घटनास्थल का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि कोई घायल तो नहीं है। इसके बाद उन्होंने सूझबूझ से काम लेते हुए वहां जमा भीड़ को हटाया और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात को सुचारू रूप से बहाल कर दिया है, जिससे राहगीरों ने राहत की सांस ली।

A horrific accident occurred at this intersection in Jalandhar




