जालंधर: महानगर के माता रानी चौक पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने परिवार के साथ जा रही दूसरी कार को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस भीषण दुर्घटना में कार सवार छोटे बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों की जान बच गई, हालांकि उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।
टक्कर की आवाज से सहम गए लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना देर रात की है जब माता रानी चौक पर अचानक तेज गति से आई एक कार ने साइड में धीमी गति से चल रही दूसरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग सहम गए और तुरंत मदद के लिए दौड़े। हादसे के बाद पीड़ित कार के एयरबैग खुल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जिस कार को टक्कर मारी गई, उसमें पूरा परिवार सवार था। छोटे बच्चों की मौजूदगी के कारण मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह है कि परिवार के किसी भी सदस्य को गंभीर चोट नहीं आई है।
एक्सीडेंट के बाद आरोपी चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी कार चालक ने मानवता दिखाने और घायलों की मदद करने के बजाय वहां से भागना ही बेहतर समझा। लोगों का कहना है कि आरोपी की कार की रफ्तार बहुत तेज थी और वह बेहद लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने सूझबूझ का परिचय दिया और भाग रही गाड़ी का नंबर नोट कर लिया, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
घटना की जानकारी मिलते ही भार्गों कैंप थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक की पहचान पुख्ता की जा सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दावा किया है कि नोट किए गए नंबर के आधार पर आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

A horrific accident in Jalandhar: A speeding car collided violently with a family








