जालंधर: जालंधर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश महासचिव और मशहूर जिम लवर मनोज मल्होत्रा उर्फ मनु वड़िंग का शुक्रवार तड़के निधन हो गया। 48 वर्षीय मनु वड़िंग को सुबह करीब 4 बजे दिल का दौरा (साइलेंट अटैक) पड़ा। जब उन्हें सीने में तेज दर्द महसूस हुआ, तो परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की तैयारी करने लगे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके आकस्मिक निधन से परिवार और समर्थकों में गहरा शोक है।
सांसद चन्नी के बेहद करीबी और रियल एस्टेट कारोबारी
मनु वड़िंग राजनीति और व्यवसाय दोनों क्षेत्रों में एक जाना-माना चेहरा थे। वे वर्तमान में पंजाब कांग्रेस के महासचिव की जिम्मेदारी निभा रहे थे और जालंधर से सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बेहद करीबी माने जाते थे। राजनीति के अलावा वे एक सफल रियल एस्टेट कारोबारी भी थे। उनका परिवार भी सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहा है, और उनकी पत्नी परवीना पूर्व पार्षद रह चुकी हैं। उनके निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य लोग उनके घर जुटने शुरू हो गए हैं।
मौत से 24 घंटे पहले युवाओं को दिया था फिटनेस मंत्र
इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि मनु वड़िंग अपनी सेहत को लेकर बहुत सजग (अवेयर) रहते थे। वे शहर में एक ‘जिम लवर’ के तौर पर पहचाने जाते थे। विडंबना देखिए कि अपनी मृत्यु से महज एक दिन पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना एक फिटनेस वीडियो साझा किया था, जिसमें वे युवाओं को स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित कर रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि दूसरों को सेहत के प्रति जागरूक करने वाला यह शख्स अगले ही दिन इस तरह दुनिया को अलविदा कह देगा।
दीप नगर श्मशानघाट में होगा अंतिम संस्कार
मनु वड़िंग के निधन पर शहर की विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संस्थाओं ने गहरा दुख प्रकट किया है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर को उनका अंतिम संस्कार दीप नगर स्थित रामबाग श्मशानघाट में किया जाएगा। उनकी अंतिम विदाई में शहर के कई बड़े राजनेताओं और प्रतिष्ठित कारोबारियों के शामिल होने की संभावना है।

A gym enthusiast and Congress leader from Jalandhar passed away; he had posted a fitness video just a day earlier




