जालंधर: जालंधर के मॉडल हाउस स्थित सती माता मंदिर में शिवरात्रि की रौनक और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच एक शातिर चोर ने मोबाइल चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना उस वक्त हुई जब एक श्रद्धालु मंदिर के स्पीकर पर भजन चलाने के लिए अपना मोबाइल लेकर आया था। लगातार भजन बजने के कारण जब मोबाइल की बैटरी कम हो गई, तो उसने फोन को चार्जिंग पर लगा दिया और सुबह करीब 11:30 बजे वहीं बैठकर पाठ करने लगा।
चोर ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया। फोन मंदिर के बिल्कुल अंदर, पुजारी के सामने ही चार्जिंग पर लगा हुआ था। उस समय पुजारी मंदिर में आने वाले भक्तों को तिलक लगाने में व्यस्त थे। इसी बीच ऑरेंज (नारंगी) रंग की हुडी पहने एक युवक वहां पहुंचा। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि वह करीब एक मिनट तक इधर-उधर देखता है और रेकी करता है। जैसे ही भीड़ थोड़ी कम होती है, वह पहले मंदिर के अंदर जाता है और फिर बाहर आकर बड़ी ही चालाकी से चार्जिंग पर लगा मोबाइल उतारकर चलता बनता है। पास ही खड़ी एक महिला उसकी तरफ देखती भी रहती है, लेकिन युवक अपने हाव-भाव से किसी को शक तक नहीं होने देता।
अपना पाठ खत्म करने के बाद जब मोबाइल का मालिक फोन लेने पहुंचा तो वह वहां से गायब था। उसने तुरंत पुजारी और वहां मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने कुछ भी देखने से इंकार कर दिया। इसके बाद जब मंदिर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो पूरी वारदात सामने आ गई और वह चोर वारदात को अंजाम देता हुआ साफ नजर आ गया।
पीड़ित ने बिना कोई देरी किए पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी और अपने फोन का सिम ब्लॉक करवा दिया। फिलहाल, पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंप दिए गए हैं और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपी युवक की पहचान करवाई जा रही है ताकि उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

A cunning thief stole a mobile phone from the priest in Jalandhar’s Sati Mata Temple




