
सोनीपत: हरियाणा के सोनीपत जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान की घर से बुलाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक जवान एक महीने की छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था और महज तीन दिन पहले ही उसके घर बच्चे का जन्म हुआ था। इस वारदात के बाद से पूरे गांव में सनसनी और मातम का माहौल है।
घटना गोहाना सदर थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी दमकन की है। जानकारी के अनुसार, मृतक जवान कृष्ण (32) छत्तीसगढ़ में तैनात थे और एक महीने की छुट्टी पर घर आए हुए थे। रविवार देर रात कुछ लोग उन्हें घर से बुलाकर अपने साथ ले गए। कुछ देर बाद ही परिजनों को गांव के पास गोली चलने की तेज आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर जब परिवार वाले और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्होंने कृष्ण को खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा पाया। आनन-फानन में परिजन उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर भागे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही सदर गोहाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस की शुरुआती जांच में रंजिश का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कृष्ण हाल ही में हरिद्वार से कांवड़ लेने गए थे। यात्रा के दौरान ही कुछ युवकों के साथ उनका किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। पुलिस को शक है कि इसी विवाद की रंजिश के चलते इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।
इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया है। कृष्ण दो बच्चों के पिता थे। महज तीन दिन पहले ही उनकी पत्नी ने एक बच्चे को जन्म दिया था, जो अभी भी अस्पताल में भर्ती है। इस खबर के बाद से पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
View this post on Instagram
A CRPF jawan who had come home




