You are currently viewing जालंधर में बच्ची के शोर मचाने से टली बड़ी वारदात, शटर उखाड़ रहा चोर एक्टिवा से हुआ फरार

जालंधर में बच्ची के शोर मचाने से टली बड़ी वारदात, शटर उखाड़ रहा चोर एक्टिवा से हुआ फरार

जालंधर: शहर के शक्ति नगर इलाके में स्थित थापर जनरल स्टोर में शुक्रवार रात चोरी का एक बड़ा प्रयास विफल हो गया। दुकान के ताले तोड़कर शटर उखाड़ने की कोशिश कर रहे एक चोर को गली से गुजर रही एक छोटी बच्ची ने देख लिया। बच्ची की सतर्कता और उसके शोर मचाने से घबराया चोर वारदात को अंजाम दिए बिना ही अपनी एक्टिवा पर सवार होकर मौके से फरार हो गया।

सेंटर लॉक और बच्ची की होशियारी ने बचाई दुकान

दुकान के मालिक चांद ने जानकारी देते हुए बताया कि वह पिछले कई सालों से शक्ति नगर में यह स्टोर चला रहे हैं। शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे वह रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। उनके जाने के महज 15 मिनट बाद ही यह घटना हुई। गली से गुजर रही एक बच्ची ने चोर को ताले तोड़ते और शटर को उखाड़ने की कोशिश करते हुए रंगे हाथों देख लिया। दुकानदार चांद के मुताबिक, अगर शटर में सेंटर लॉक नहीं लगा होता, तो चोर आसानी से शटर उठाकर दुकान का सारा कीमती सामान साफ कर देता।

स्थानीय लोगों ने की पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग

बच्ची द्वारा शोर मचाए जाने के बाद उसने तुरंत पास ही रहने वाले दुकान मालिक को इस घटना की जानकारी दी। चोरी के प्रयास की खबर मिलते ही आसपास के लोग भारी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत थाना नंबर चार की पुलिस को सूचित किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में रात की गश्त बढ़ाने की पुरजोर अपील की है। लोगों का कहना है कि गश्त बढ़ने से चोर-लुटेरों में पुलिस का खौफ बना रहेगा। वहीं, थाना चार की प्रभारी अनु पलयाल ने बताया कि पुलिस टीम मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

A child’s scream averted a major incident in Jalandhar; a thief trying to dismantle a shutter