जालंधर: जालंधर के भार्गव कैंप जैसे व्यस्त इलाके में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 4 से 5 युवकों ने सरेआम एक सब्जी बेचने वाले युवक को जबरन बाइक पर बैठाकर अगवा कर लिया और सुनसान जगह ले जाकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। भरे बाजार में हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घासमंडी ले जाकर की मारपीट, मोबाइल भी तोड़ा
पीड़ित युवक राम कुमार, जो कि पेशे से सब्जी विक्रेता है, ने बताया कि वह अपने काम पर था तभी कुछ युवक वहां पहुंचे। उन्होंने उसे जबरदस्ती बाइक पर बैठाया और भार्गव कैंप से दूर घासमंडी इलाके की ओर ले गए। वहां आरोपियों ने उसे घेरकर पूछताछ की और बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद आरोपी युवक को वहीं अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए। राम कुमार के अनुसार, इस दौरान आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। हालांकि, मोबाइल टूटने की वजह को लेकर बयानों में थोड़ा विरोधाभास है। एक तरफ आरोप है कि फोन तोड़ा गया, वहीं दूसरी तरफ यह भी कहा जा रहा है कि छीना-झपटी में फोन गिरने से टूट गया।
लड़की के चक्कर में विवाद या गलतफहमी?
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे विवाद की जड़ में किसी लड़की से बातचीत का मामला बताया जा रहा है। हालांकि, पीड़ित राम कुमार ने इन बातों का पूरी तरह खंडन किया है। उसका कहना है कि वह किसी लड़की को नहीं जानता और न ही उसका ऐसे किसी मामले से कोई लेना-देना है। पीड़ित ने दावा किया है कि आरोपियों ने उसे केवल शक के आधार पर उठाया था और बेवजह उसकी पिटाई की।
दहशत में परिवार, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
युवक के गले और शरीर पर चोट के निशान साफ देखे जा सकते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही घबराए परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि उनका बेटा किसी भारी दबाव में है और डर के मारे पूरी सच्चाई नहीं बता पा रहा है। परिवार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

A brazen act of hooliganism in Jalandhar: A vegetable vendor was abducted on a motorcycle, beaten, and then released by the perpetrators




