चंडीगढ़: पंजाब सरकार ने राज्य के लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक सौगात देने का ऐलान किया है। पंजाब के सेहत मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने चंडीगढ़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी कि राज्य में 15 जनवरी से 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की महात्वाकांक्षी योजना लॉन्च होने जा रही है। इस योजना का शुभारंभ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल संयुक्त रूप से करेंगे। सरकार का दावा है कि इस पहल से पंजाब के करीब 3 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य बीमा का सुरक्षा कवच मिलेगा।
सेहत मंत्री ने योजना की रूपरेखा समझाते हुए बताया कि इसमें किसी भी तरह की जटिल कागजी कार्रवाई नहीं होगी। योजना का लाभ लेने के लिए केवल एक ही मुख्य शर्त है कि व्यक्ति पंजाब का मूल निवासी होना चाहिए। जिसके पास भी पंजाब का आधार कार्ड और वोटर कार्ड होगा, वह इस योजना का पात्र माना जाएगा। इस स्कीम के दायरे में पेंशनर, सरकारी कर्मचारी और आम जनता समेत सभी वर्ग शामिल होंगे। सरकार के अनुमान के मुताबिक, राज्य के लगभग 65 लाख परिवारों को सीधा फायदा मिलेगा, जिससे उन्हें बीमारी के वक्त पैसों की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
योजना को धरातल पर उतारने के लिए सरकार ने व्यापक इंतजाम किए हैं। शहरी मोहल्लों से लेकर दूर-दराज के गांवों तक 9 हजार से ज्यादा कॉमन सर्विस सेंटरों (CSC) के जरिए कैंप लगाए जाएंगे। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जैसे ही किसी व्यक्ति का एनरोलमेंट होगा, वह तुरंत इलाज कराने के लिए योग्य हो जाएगा। हालांकि, कार्ड बनकर घर पहुंचने में 10 से 15 दिन का समय लग सकता है, लेकिन इलाज में कोई बाधा नहीं आएगी। स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य है कि अगले 3 से 4 महीनों के भीतर पूरे पंजाब को इस योजना के तहत कवर कर लिया जाए।
डॉ. बलबीर सिंह ने इस योजना की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि कई बार गंभीर बीमारियों का इलाज कराते समय हंसते-खेलते परिवार कर्ज के दलदल में फंस जाते हैं। यदि घर का कमाने वाला सदस्य बीमार हो जाए, तो पूरा परिवार आर्थिक तंगी का शिकार हो जाता है। सरकार की यह योजना ऐसे परिवारों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करेगी। उन्होंने आम आदमी क्लिनिक की सफलता का भी जिक्र किया, जहां अब तक 4.59 करोड़ लोग यानी हर दूसरा पंजाबी इलाज करवा चुका है। अब यह नई बीमा योजना क्रॉनिक बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए संजीवनी साबित होगी।

A big New Year’s gift for the people of Punjab: Free treatment up to ₹10 lakh will be available from this date




