You are currently viewing ट्रेन में सफर करने वालों के लिए रेल मंत्री ने किया बड़ा ऐलान, अगले महीने शुरू होगी यह बड़ी सुव‍िधा

ट्रेन में सफर करने वालों के लिए रेल मंत्री ने किया बड़ा ऐलान, अगले महीने शुरू होगी यह बड़ी सुव‍िधा

नई दिल्ली: ट्रेन से सफर करने वालों के ल‍िए अगला महीना यानी अगस्‍त खास होने वाला है। देश की सेमी हाई स्‍पीड ट्रेन वंदे भारत एक्‍सप्रेस से जुड़ी यह खबर आपको खुश कर देगी। साल 2019 में लॉन्‍च हुईं दो वंदेभारत ट्रेनों ने 14 लाख क‍िलोमीटर का सफर पूरा कर लिया है। अब रेल मंत्री अश्‍व‍िन‍ि वैष्‍णव ने ऐलान क‍िया क‍ि अगस्‍त में वंदे भारत का अपग्रेडेड वर्जन लॉन्‍च क‍िया जाएगा।

यात्रा में लगने वाले कम समय और सहूल‍ियत को देखते हुए वंदे भारत ट्रेन यात्र‍ियों को भी काफी पसंद आ रही है। इसी के मद्देनजर रेलवे ने देश में कई वंदे भारत ट्रेनों का चलाने का फैसला किया है। भारतीय रेलवे का प्‍लान है क‍ि 15 अगस्त 2023 तक कुल 75 हाई स्‍पीड वंदे भारत ट्रेनों को चलाया जाएगा। अभी देश में केवल दो ही वंदे भारत ट्रेनें नई द‍िल्‍ली से कटरा और नई द‍िल्‍ली से वाराणसी के ल‍िए चल रही हैं।

रेल मंत्री ने बताया क‍ि वंदे भारत के अपग्रेडेड वर्जन मौजूदा ट्रेन से एडवांस होगा। अभी पटर‍ियों पर दौड़ रही वंदे भारत की अध‍िकत रफ्तार 160 क‍िमी प्रति घंटा है। इसके दूसरे अपग्रेडेड वर्जन की अध‍िकतम स्‍पीड 180 किमी प्रति घंटा और तीसरा अपग्रेडेड वर्जन 220 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ सकेगा। ये दोनों ट्रेन ज‍िस भी रूट पर चलेंगी, वहां का सफर काफी कम समय तय क‍िया जा सकेगा।

अश्विनी वैष्णव ने बताया क‍ि चूंकि सरकार की योजना 15 अगस्‍त 2023 तक 75 वंदे भारत ट्रेनें ट्रैक पर दौड़ाने की है। ऐसे में अगस्‍त 2022 के बाद से हर महीने 5 से 6 वंदे भारत ट्रेन को लाया जाएगा। आपको बता दें प्रधानमंत्री मोदी ने 2021 में स्‍वतंत्रता द‍िवस के मौके पर 75 नई वंदे भारत एक्‍सप्रेस शुरू करने का लक्षय रखा था।