You are currently viewing डीजे ब्रावो ने लिया रिटायरमेंट से यू-टर्न, जल्द करेंगे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी

डीजे ब्रावो ने लिया रिटायरमेंट से यू-टर्न, जल्द करेंगे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी

नई दिल्लीः वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड के साथ मतभेदों के कारण खेल को अलविदा कहने वाले हरफनमौला ड्वेन ब्रावो ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी का ऐलान किया। ब्रावो ने कहा कि वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड की सत्ता में बदलाव के कारण उन्होंने मन बदला है। उन्होंने फिर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। पूर्व टीम मैनेजर रिकी स्केरिट अब डेव कैमरन की जगह बोर्ड के नये अध्यक्ष बने हैं।

ब्रावो ने एक बयान में कहा ,‘आज मैं अंतरराष्ट्रय क्रिकेट में वापसी की घोषणा करता हूं।’ उन्होंने कहा ,‘मैंने यह फैसला प्रशासनिक स्तर पर बोर्ड में हुए बदलाव के बाद लिया है। मैं कुछ समय से इस बारे में सोच रहा था और सकारात्मक बदलावों ने मेरे फैसले को मजबूत किया।’

विंडीज़ टीम फिलहाल भारत दौरे पर है जहां वह ट्वंटी 20 सीरीज़ के बाद तीन मैचों की वनडे सीरीज़ खेलने उतरेगी जिसका पहला मैच रविवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। ब्रावो रिटायरमेंट के बाद से दुनियाभर में हो रही फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेल रहे हैं। ब्रावो का कैमरन के साथ झगड़ा हुआ था जिन पर उसने कैरियर तबाह करने का आरोप लगाया था। यह 2014 में हुआ था जब ब्रावो की अगुवाई वाली वेस्टइंडीज टीम बोर्ड के साथ भुगतान विवाद के कारण भारत दौरा बीच में छोड़कर चली गई थी।