नई दिल्लीः हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है। कांग्रेस ने बड़ा बदलाव करते हुए अशोक तंवर को हटाकर कुमारी शैलजा को हरियाणा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। कांग्रेस के हरियाणा के प्रभारी महासचिव तथा राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बुधवार को कहा सोनिया गांधी ने हरियाणा में पार्टी को मजबूत करने का जिम्मा इन दोनों वरिष्ठ नेताओं को सौंपा है।
उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने हरियाणा में पार्टी को मजबूत करने तथा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करने के लिए इन दोनों नेताओं को यह दायित्व सौंपा है। इन दोनों के नेतृत्व में पार्टी के सभी नेता भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बाहर करने के लिए काम करेंगे। प्रदेश में पार्टी के भीतर गुटबाजी संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि यह विवाद अब खत्म हो गया है। पार्टी नेता अब नए नेतृत्व के साथ नई ऊर्जा से मिलकर पार्टी को मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे।
आपकी जानकारी के लिए बता दें, अशोक तंवर और भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच विवाद चल रहा था। अशोक तंवर को हटाने के लिए हुड्डा ने रोहतक में परिवर्तन रैली भी की थी। कांग्रेस ने कुमारी शैलजा को अध्यक्ष बनाने के साथ ही भूपेंद्र सिंह हुड्डा को कांग्रेस के विधायक दल का नेता घोषित किया है। इससे पहले अशोक तंवर चाहते थे कि राज्य की कमान भूपेंद्र सिंह हुड्डा के हाथ में ना जाए। कांग्रेस ने इस लड़ाई को लेकर संतुलन बनाते हुए बीच का रास्ता निकाला और कुमारी शैलजा को पार्टी की कमान सौंप दी है।
पार्टी द्वारा सौंपी गई इस जिम्मेदारी को लेकर कुमारी शैलजा ने कहा कि यह बहुत बड़ी जिम्मेदारी मेरे कंधों पर है। हम सब मिलकर काम करेंगे। हम पार्टी की विचारधारा को लेकर प्रतिबद्ध हैं। वहीं, हुड्डा ने कहा कि पार्टी ने फैसला किया है। मैं इसका सम्मान करता हूं और इस जिम्मेदारी के लिए सोनिया जी का धन्यवाद करता हूं।