जालंधरः जालंधर से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी पूर्व जस्टिस जोरा सिंह ने वीरवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान जोरा सिंह के साथ आम आदमी पार्टी की कैंपेन कमेटी के चेयरमैन अमन अरोड़ा, जिला प्रधान शिवदलाल माली, डॉ. संजीव शर्मा और कश्मीर सिंह उपस्थित रहे।
नामांकन से पूर्व जस्टिस जोरा सिंह के समर्थकों ने पुडा परिसर में एक रैली का आयोजन किया। रैली को संबोधित करते हुए जस्टिस जोरा सिंह ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल भाजपा गठबंधन और कांग्रेस की सरकार से लोग ऊभ चुके हैं और इनकी लोकविरोधी नीतियों के कारण अब बदलाव चाहते हैं। उन्होंने अपना चुनावी ‘विजन डाक्युमेंट’ जारी करते हुए कहा कि वह जालंधर के चौतरफा विकास के लिए कार्य करेंगे तथा जिला जालंधर के कारोबारियों तथा उद्योगपतियों की समस्याओं को संसद में रखेंगे।
उन्होने कहा कि कांग्रेस के शासन में जालंधर का बिल्कुल भी विकास नहीं हुआ है। शहर की सड़कें टूटी हुई हैं, सीवरेज की व्यवस्था ठप्प हो कर रह गई है। लोगों को पीने का शुद्ध पानी मुहैया नहीं हो रहा है। उन्होने कहा कि क्षेत्र के खराब आधारभूत ढांचे से निवर्तमान सांसद और राज्य सरकार की ओर से विकास कार्यों में की गई जालंधर की उपेक्षा की झलक मिलती है। उन्होंने कहा कि वह सांसद चुने जाने पर जालंधर के नकोदर में 1986 में हुई बेअदबी की घटना में मारे गए चार सिख नौजवानों के परिवारों को इंसाफ दिलवाएंगे।
गौरतलब है कि कि आप के राष्ट्रीय प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने अपने निवास पर पूर्व जस्टिस जोरा सिंह को पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद जस्टिस जोरा सिंह ने कहा था कि वह आप की लोक समर्थक नीतियों से प्रभावित हो कर पार्टी में शामिल हुए हैं। दिल्ली सरकार की ओर से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए क्रातिकारी कार्यो को देखते हुए उन्होंने भी अपनी, सामाजिक सेवाएं देने के लिए इस पार्टी को चुना है।




