चंडीगढ़ः हरियाणा में नवगठित जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) और आम आदमी पार्टी (आप) में गठबंधन हो गया है। दोनों दलों के नेताओं ने जानकारी दी कि राज्य की 10 लोकसभा सीटों में से 3 पर आप अपने उम्मीदवार उतारेगी, जबकि शेष सात पर जेजेपी अपने प्रत्याशी खड़े करेगी।

इस मौके पर जेजेपी के नेता व हिसार के सांसद दुष्यंत चौटला ने नई दिल्ली में कहा, झाड़ू (आप का चुनाव चिन्ह) और चप्पल (जेजेपी का चुनाव चिन्ह) एक साथ हैं। वे अपने तरीके से चीजों की सफाई करेंगे। यह आप और जेजेपी का गठबंधन है।

मीडिया से बात करते हुए आम आदमी पार्टी नेता गोपाल राय ने कहा, ‘हरियाणा में पिछले 1 साल से आम आदमी पार्टी अपने अभियान को मजबूती से चला रही थी, तभी जेजेपी का जन्म हुआ, जो दिल्ली की तरह हरियाणा में भी बदलाव का सपना देखती है। हाल के जींद उपचुनाव में जेजेपी ने आप का साथ दिया। यहां कांग्रेस ने रणदीप सुरजेवाला को उतारा था। हमने मजबूती से मुकाबला किया और दूसरे पर नंबर पर आए। हरियाणा में कांग्रेस बिखर चुकी है, हरियाणा का युवा हमारा साथ देगा। इन लोकसभा चुनावों में जेजेपी 7 और आप 3 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।’
बता दें, राज्य में 12 मई को चुनाव होना है। बीते साल दिसंबर में ओम प्रकाश चौटाला के नेतृत्व वाली इंडियन नेशनल लोकदल में फूट पड़ी थी जिसके बाद जेजेपी का गठन हुआ। इंडियन नेशनल लोकदल के कई नेता अब जेजेपी का हिस्सा हैं।




