जालंधर नॉर्थ: मेयर वनीत धीर ने वार्ड नंबर 80 में गलियों के निर्माण कार्यों का किया उद्घाटन, इंडस्ट्रीयल एरिया और शिव नगर में शुरू हुए निर्माण कार्य
जालंधर, 24 नवंबर: जालंधर नॉर्थ से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार एवं मेयर वनीत धीर ने आज वार्ड नंबर-80 के इंडस्ट्रीयल एरिया और शिव नगर में गलियों के निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। इन विकास कार्यों के शुरू होने से इलाके के निवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है।
इस मौके पर मेयर वनीत धीर ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना और लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। गलियों के निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और इलाके की आधारभूत संरचना में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। लोगों की जरूरतों और स्थानीय स्तर पर मिलने वाले सुझावों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, ताकि हर वार्ड में समान रूप से सुविधाओं का विस्तार हो सके।
इस अवसर पर वार्ड के पार्षद एवं पंजाब अग्रवाल वेलफेयर बोर्ड के चेयरमैन अश्विनी अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में इलाका निवासी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने गलियों के निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जाहिर करते हुए इसका स्वागत किया।