You are currently viewing BJP-अकाली दल गठबंधन पर जालंधर में जोरदार जश्न, मनोरंजन कालिया, गौतम कुकरेजा और इकबाल सिंह ढींडसा ने ढोल की थाप पर डाला भांगड़ा

BJP-अकाली दल गठबंधन पर जालंधर में जोरदार जश्न, मनोरंजन कालिया, गौतम कुकरेजा और इकबाल सिंह ढींडसा ने ढोल की थाप पर डाला भांगड़ा

जालंधर (Aman Bagga), 24 नवंबर: भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच एक बार फिर गठबंधन होने की घोषणा से दोनों दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। गठबंधन के इस ऐलान का जालंधर में भी जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया, भाजपा के उपप्रधान गौतम कुकरेजा और शिरोमणि अकाली दल के जालंधर (शहरी) जिला अध्यक्ष एवं जालंधर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के हलका इंचार्ज इकबाल सिंह ढींडसा ने ढोल की थाप पर भांगड़ा डालकर अपनी खुशी का इजहार किया।

इस अवसर पर नगर निगम कार्यालय के बाहर स्थित श्री राम चौक में भाजपा और अकाली दल के समर्थक बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। समर्थकों ने ढोल बजाकर और पटाखे चलाकर गठबंधन का जश्न मनाया। पूरे इलाके में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस दौरान समर्थकों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया जिंदाबाद और इकबाल सिंह ढींडसा जिंदाबाद के नारे लगाकर अपनी खुशी जाहिर की।

भाजपा के उपप्रधान गौतम कुकरेजा ने गठबंधन का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा और अकाली दल का रिश्ता पंजाब की राजनीति में लंबे समय से विश्वास, आपसी सहयोग और विकास की साझेदारी का प्रतीक रहा है। दोनों दलों का दोबारा एक साथ आना पंजाब के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पंजाब में भाजपा और अकाली दल की एकजुटता से प्रदेश को विकास, खुशहाली और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे ले जाने का नया अवसर मिलेगा।

गौतम कुकरेजा ने विश्वास जताते हुए कहा कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में भाजपा-अकाली दल गठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि दोनों दलों के कार्यकर्ता पूरी एकजुटता और समर्पण के साथ जनता के बीच जाएंगे। गठबंधन की मजबूती से पंजाब में विकास, व्यापार, किसानों के कल्याण, युवाओं के बेहतर भविष्य और अमन-शांति को लेकर नई उम्मीदें पैदा होंगी।

उन्होंने आगे कहा कि यह गठबंधन केवल दो राजनीतिक दलों का साथ नहीं, बल्कि पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए मिलकर काम करने का संकल्प है। दोनों पार्टियों के पुराने संबंध और कार्यकर्ताओं का आपसी तालमेल आने वाले समय में राजनीतिक गतिविधियों को नई दिशा देगा।

गौतम कुकरेजा ने कहा कि भाजपा और अकाली दल मिलकर पंजाब के हितों की आवाज बुलंद करेंगे और प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए काम करेंगे।

जालंधर में हुए इस जश्न ने दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में नए उत्साह का माहौल पैदा कर दिया। ढोल की थाप, भांगड़े, आतिशबाजी और गूंजते जिंदाबाद के नारों के बीच भाजपा और अकाली दल के समर्थकों ने गठबंधन का गर्मजोशी से स्वागत किया।