जालंधर: महानगर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार वर्कशॉप चौक पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार बुजुर्ग की जान चली गई। काम पर जा रहे बुजुर्ग को पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। टक्कर इतनी भयानक थी कि बुजुर्ग सीधे ट्रक के भारी टायरों के नीचे आ गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के फौरन बाद आरोपी चालक ट्रक को बीच सड़क पर ही छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा। वहीं, हादसे की सूचना देने के बावजूद पुलिस और आपातकालीन सेवाओं के करीब आधा घंटा देरी से पहुंचने को लेकर स्थानीय दुकानदारों व राहगीरों में भारी रोष देखा गया।
काम पर जाते समय ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, चालक गाड़ी छोड़ भागा
जानकारी के मुताबिक, रोजाना की तरह एक बुजुर्ग व्यक्ति अपनी साइकिल पर सवार होकर काम के सिलसिले में घर से निकले थे। जैसे ही वह वर्कशॉप चौक के समीप पहुंचे, तभी पीछे से बेहद तेज गति में आ रहे ट्रक (नंबर PB 08 DS 2953) ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। पहियों के नीचे आने से बुजुर्ग गंभीर रूप से कुचल गए। दुर्घटना को अंजाम देते ही चालक ने स्थिति भांपते हुए गाड़ी रोकी और भीड़ जुटने से पहले ही वाहन छोड़कर मौके से भाग निकला। व्यस्त मार्ग पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद सड़क पर भारी जाम की स्थिति बन गई और लोगों का हुजूम जमा हो गया।
‘तड़पते रहे बुजुर्ग पर नहीं पहुंची मदद’: थाना नजदीक होने के बाद भी देरी पर भड़के लोग
प्रत्यक्षदर्शी रजिंदर बाबा सहित अन्य स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर लगने के बाद बुजुर्ग की सांसें चल रही थीं और वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे। लोगों ने तत्काल तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस के साथ-साथ पुलिस हेल्पलाइन 100 और 112 पर लगातार कॉल किए। प्रत्यक्षदर्शियों का गंभीर आरोप है कि बार-बार फोन करने के बावजूद एम्बुलेंस को घटनास्थल पर पहुंचने में पूरे 30 मिनट का समय लग गया। इसके अलावा, घटनास्थल से महज कुछ ही कदमों की दूरी पर थाना डिवीजन नंबर 2 स्थित होने के बावजूद पुलिस भी लंबे समय तक मौके पर नहीं पहुंची। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि वक्त पर एम्बुलेंस और चिकित्सीय मदद मिल जाती, तो बुजुर्ग की जान बचाई जा सकती थी।
पास मिला केवल रोटी का डिब्बा, शिनाख्त में जुटी पुलिस
मृतक के पास से कोई मोबाइल फोन, डायरी या पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिसके चलते उनकी पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। बुजुर्ग के पास साइकिल के अलावा सिर्फ एक टिफिन (रोटी का डिब्बा) मिला है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह किसी फैक्ट्री या दुकान पर मजदूरी करने जा रहे थे। पुलिस टीम के पहुंचने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और पहचान के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक व फरार चालक का पता लगाकर गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।




At Workshop Chowk in Jalandhar, an out-of-control truck ran over an elderly cyclist




