You are currently viewing जालंधर में दर्दनाक हादसा: बर्थडे पार्टी से लौट रहे Speed Records मालिक के बेटे और पप्पी स्वीट्स मालिक के पोते की मौत, निगम की ट्रॉली में घुसी कार

जालंधर में दर्दनाक हादसा: बर्थडे पार्टी से लौट रहे Speed Records मालिक के बेटे और पप्पी स्वीट्स मालिक के पोते की मौत, निगम की ट्रॉली में घुसी कार

जालंधर: पंजाब के जालंधर में रविवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में दो नामी कारोबारी परिवारों के चिराग बुझ गए। हादसा शहर के पुलिस लाइन के पास स्थित फ्लाईओवर पर उस वक्त हुआ, जब एक तेज रफ्तार फॉक्सवैगन कार सड़क किनारे खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। इस भीषण टक्कर में मशहूर पंजाबी म्यूजिक कंपनी ‘स्पीड रिकॉर्ड्स’ के मालिक दिनेश ओलक के बेटे विदित ओलक और शहर के प्रतिष्ठित ‘पप्पी स्वीट्स’ के मालिक के पोते आरव तलवाड़ की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों की उम्र महज 18 से 19 वर्ष बताई जा रही है और वे अपने किसी दोस्त की बर्थडे पार्टी से घर लौट रहे थे।

बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे युवक, बीएमसी से बीएसएफ चौक की ओर जा रही थी कार
जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3 बजे थाना बारादरी की पुलिस को फ्लाईओवर पर भीषण सड़क दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे थाना बारादरी के एसएचओ साहिल चौधरी ने स्थिति का जायजा लिया। जांच में सामने आया कि फॉक्सवैगन कार सवार युवक रात को एक दोस्त की बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे और पार्टी खत्म होने के बाद वापस लौट रहे थे। कार बीएमसी चौक की ओर से बीएसएफ चौक की तरफ जाने वाले फ्लाईओवर पर चढ़ी ही थी कि अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह आगे खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

फ्लाईओवर पर सफाई कर रहे थे निगम कर्मचारी, कूड़े के लिए खड़ी थी ट्रैक्टर-ट्रॉली
एसएचओ साहिल चौधरी ने बताया कि हादसे के वक्त नगर निगम के सफाई कर्मचारी तड़के फ्लाईओवर पर नियमित सफाई अभियान में जुटे हुए थे। सड़क से झाडू लगाकर निकलने वाले कूड़े-कचरे को लोड करने के लिए कर्मचारियों ने फ्लाईओवर के किनारे ट्रैक्टर-ट्रॉली को खड़ा किया हुआ था। अंधेरे और तेज रफ्तार के कारण कार चालक समय रहते ट्रॉली को नहीं देख सका और सीधी टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार कार में कुल पांच युवक सवार थे, जिनमें से तीन अन्य साथी पहले ही सुरक्षित बाहर निकलकर अपने घर चले गए थे, जबकि आगे बैठे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने दम तोड़ दिया।

परिजनों में मचा कोहराम, कानूनी कार्रवाई से किया इनकार
शहर के दो प्रमुख और रसूखदार परिवारों के नौजवानों की असमय मौत की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना बारादरी के एसएचओ ने स्पष्ट किया कि दोनों मृतकों के परिजनों ने इस मामले में किसी भी तरह की कानूनी या पुलिस कार्रवाई करवाने से साफ इनकार कर दिया है। परिजनों के लिखित अनुरोध और औपचारिक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों युवकों के शवों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

Tragic accident in Jalandhar: Son of the owner of ‘Speed ​​Records’ and grandson of the owner of ‘Puppy Sweets’ die