फरीदकोट: पंजाब के फरीदकोट जिले से दहेज लोभ का बेहद शर्मनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शादी के दिन दुल्हन के घर रिश्तेदार जुट चुके थे, खुशियों का माहौल था और फेरों की पूरी तैयारियां मुकम्मल थीं, लेकिन दूल्हा पक्ष ने ऐन वक्त पर दहेज की अतिरिक्त मांग रख दी। लड़की के परिवार का आरोप है कि 10 लाख रुपये नकद और चार तोले सोने की मांग पूरी न होने पर दूल्हा पक्ष बरात लेकर ही नहीं पहुंचा और शादी तोड़ दी। पीड़ित परिवार की शिकायत पर थाना सदर फरीदकोट पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए दूल्हे और उसके माता-पिता समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।
कपूरथला के सेवादार के बेटे से तय हुआ था रिश्ता, फरवरी में हुआ था शगुन
लड़की के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनकी बेटी का रिश्ता मूल रूप से फिरोजपुर जिले के गांव वाहके निवासी और वर्तमान में कपूरथला के गांव जातिके संगोजला स्थित गुरुद्वारा नारायणसर के सेवादार शमशेर सिंह के बेटे अमनजोत सिंह के साथ तय हुआ था। दोनों परिवारों के बीच यह रिश्ता फिरोजपुर के गांव शकूर निवासी बिचौलिये जगजीत सिंह और उसकी पत्नी सुखजीत कौर के जरिए पक्का हुआ था। सामाजिक सहमति के बाद 1 फरवरी 2026 को गांव पक्का स्थित महाराजा ढाबा में धूमधाम से शगुन की रस्म पूरी की गई थी, जिसके बाद विवाह के लिए 4 नवंबर 2026 की तारीख निर्धारित की गई थी।
मंडप में सजी खुशियां धरी की धरी रह गईं, बरात न आने से टूटा दुल्हन का परिवार
शिकायतकर्ता ने भरे गले से बताया कि विवाह के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। रिश्तेदारों, मित्रों और जान-पहचान वालों को निमंत्रण पत्र बांटे जा चुके थे। विवाह के भव्य आयोजन, भोजन और दहेज के सामान की खरीद पर परिवार लाखों रुपये खर्च कर चुका था। 4 नवंबर को तमाम रिश्तेदार विवाह स्थल पर सज-धजकर बरात के स्वागत के लिए पहुंच चुके थे। ठीक उसी समय दूल्हा पक्ष की ओर से संदेश भेजा गया कि जब तक 10 लाख रुपये नकद और 4 तोले सोने के गहने नहीं दिए जाएंगे, तब तक बरात नहीं आएगी। असमर्थता जताने पर आरोपी पक्ष बरात लेकर पहुंचा ही नहीं, जिससे पूरे परिवार की समाज में भारी बदनामी हुई और खुशियों का घर आंसुओं में डूब गया।
दूल्हे और माता-पिता समेत 6 आरोपियों पर केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी
मामले की जांच कर रहे एएसआई राज सिंह ने बताया कि लड़की पक्ष की शिकायत और प्राथमिक तथ्यों की जांच के आधार पर थाना सदर फरीदकोट में सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दूल्हे अमनजोत सिंह, उसके पिता शमशेर सिंह, मां सुखजीत कौर, बहन मनजोत कौर तथा बिचौलिये जगसीर सिंह व सुखजीत कौर के खिलाफ संबंधित आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सामाजिक ताने-बाने को तार-तार करने वाले इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है और सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।


The dowry game in Punjab: Invitations were distributed and guests had arrived, but the groom failed to show u




