अमृतसर: सीमा पार से संचालित आपराधिक सिंडिकेट, अवैध हथियारों की तस्करी और नशा माफिया के खिलाफ अमृतसर देहात पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों में समन्वित अभियान चलाते हुए अवैध हथियारों, विस्फोटकों और हेरोइन तस्करी से जुड़े कई संगठित नेटवर्कों का भंडाफोड़ किया है। इस विशेष कार्रवाई के तहत जिले में हाल ही में हुई फायरिंग की 3 गंभीर वारदातों को सुलझाने का दावा किया गया है। पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में कुल 16 आरोपियों को दबोचा है। इनके कब्जे से अत्याधुनिक हथियारों का जखीरा- जिसमें 2 विदेशी उजी सबमशीन गन, 2 जिंदा हैंड ग्रेनेड, 5 अवैध पिस्तौल, 26 जिंदा कारतूस और लगभग 34 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
विदेशी हैंडलरों के सीधे संपर्क में थे आरोपी, स्थानीय स्तर पर हथियारों की करते थे डिलीवरी
प्रारंभिक पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी विदेशों में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों और राष्ट्रविरोधी तत्वों (हैंडलरों) के सीधे संपर्क में थे। विदेश में बैठे इन सिंडिकेट सरगनाओं द्वारा ड्रोन या सीमा पार संपर्कों के जरिए हथियारों और विस्फोटकों की खेप पहुंचाई जाती थी, जिसे ये आरोपी रिसीव करते थे। इसके बाद इन आधुनिक हथियारों और विस्फोटकों को फिरौती, टारगेट किलिंग और आपराधिक गिरोहों के स्थानीय गुर्गों तक सप्लाई किया जाता था। सुरक्षा एजेंसियां और देहात पुलिस अब आरोपियों के डिजिटल फुटप्रिंट्स, मोबाइल चैट्स और कॉल डिटेल्स रिकॉर्ड्स (CDR) खंगाल रही हैं, ताकि इस विदेशी नेटवर्क की जड़ तक पहुंचा जा सके।
पांच थानों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज, वित्तीय व फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंक्स की जांच जारी
इस व्यापक धरपकड़ के तहत अमृतसर देहात पुलिस ने जिले के पांच प्रमुख थानों- थाना घरिंडा, थाना ब्यास, थाना मेहता, थाना लोपोके और थाना छेहरटा में आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस (NDPS) एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की संगीन धाराओं के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी 16 आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। जांच टीमें अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि 34 किलो हेरोइन की यह बड़ी खेप पंजाब के किस इलाके में पहुंचाई जानी थी और बरामद हैंड ग्रेनेड व उजी गन से किन आतंकी या आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी। आने वाले दिनों में इस मामले में कई और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।


Major operation by Punjab Police: 16 smugglers and shooters arrested; Uzi submachine guns, hand grenades




