You are currently viewing जालंधर में नशेड़ी ट्रक चालक का तांडव, दुकान में घुसाया ट्रक, दीवार और टीन की छत गिरी, दंपती ने भागकर बचाई जान

जालंधर में नशेड़ी ट्रक चालक का तांडव, दुकान में घुसाया ट्रक, दीवार और टीन की छत गिरी, दंपती ने भागकर बचाई जान

जालंधर: जालंधर के संजय गांधी नगर रोड पर देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा पेश आया। नशे में धुत एक बेकाबू ट्रक चालक ने सड़क किनारे स्थित चाय और कोल्ड ड्रिंक की दुकान में सीधे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि दुकान की दीवार, ऊपरी बनेरा और टीन की शेड भरभराकर नीचे आ गिरी। गनीमत रही कि दुकान में मौजूद पति-पत्नी ने समय रहते खतरे को भांप लिया और उल्टे पांव भागकर अपनी जान बचाई, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया।

खाना खाकर सोने की कर रहे थे तैयारी, तभी काल बनकर दुकान में घुसा ट्रक
पीड़ित दंपती सरबजीत और उनकी पत्नी संगीता ने बताया कि वे रात का खाना खाने के बाद दुकान के बाहर चारपाई बिछाकर सोने की तैयारी में जुटे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सीधी उनकी दुकान की दिशा में बढ़ने लगा। मौत को सामने देखकर दोनों तुरंत पीछे बनी सीढ़ियों की तरफ दौड़े। उनके हटते ही कुछ ही पलों में ट्रक इमारत से जा टकराया। टक्कर की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग भी सहम गए। इस हादसे में दुकान का लोहे का काउंटर, बेड, चारपाई और अंदर रखा सारा कीमती सामान मलबे के नीचे दबकर चकनाचूर हो गया।

भारी नशे में धुत था चालक, वारदात के बाद मौके से हुआ फरार
पीड़ित सरबजीत के अनुसार, ट्रक चालक शराब के भारी नशे में था, जिसके चलते उसने वाहन पर से अपना संतुलन पूरी तरह खो दिया था। खौफनाक टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक गाड़ी रोकने के बजाय उसी तेज रफ्तार में ट्रक भगाकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने बताया कि वे किराए पर दुकान लेकर चाय और शीतल पेय बेचकर किसी तरह अपने परिवार का पेट पालते हैं। इस भीषण दुर्घटना में उनका करीब 1.5 से 2 लाख रुपये का सारा सामान और ढांचा पूरी तरह नष्ट हो गया है, जिससे उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दी सूचना, आरोपी ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने सुबह पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर कॉल कर मामले की शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और मलबे में तब्दील हो चुकी दुकान की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने फरार ट्रक का नंबर नोट कर लिया है और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर फरार चालक की धरपकड़ के लिए तलाश शुरू कर दी है।

A drunk truck driver went on a rampage in Jalandhar, driving his truck into a shop