You are currently viewing पंजाब में बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी; गिरेगा दिन का तापमान

पंजाब में बदलेगा मौसम का मिजाज, तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी; गिरेगा दिन का तापमान

चंडीगढ़: पंजाब में मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, जिससे दिन के पारे में गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को दोपहर की चुभती धूप से राहत मिलेगी।

फरीदकोट में पारा 35 डिग्री पार, पठानकोट रहा सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार बीते दिन राज्य का मौसम शुष्क रहा और किसी भी स्टेशन पर बारिश दर्ज नहीं की गई। हालांकि, अधिकतम तापमान में औसतन 0.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई, लेकिन इसके बावजूद फरीदकोट 35.2 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर बना रहा। बठिंडा में 33.4 डिग्री, पटियाला में 31.0 डिग्री, लुधियाना और मोहाली में 30.6 डिग्री, अमृतसर में 30.0 डिग्री, पठानकोट में 29.4 डिग्री और फिरोजपुर में 29.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम पारे की बात करें तो पठानकोट 13.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि चंडीगढ़ में 14.8 डिग्री और लुधियाना में 16.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।

28 और 29 अक्टूबर को फिर बारिश के आसार, 26-27 को रहेगा सूखा
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को बारिश के बाद 26 और 27 अक्टूबर को राज्यभर में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क बना रहेगा। इसके बाद 28 और 29 अक्टूबर को एक बार फिर छिटपुट स्थानों पर वर्षा होने के आसार हैं। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 3.6 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी बारिश के असर से दिन और रात दोनों के तापमान में तेजी से गिरावट आएगी, जिससे राज्य में गुलाबी ठंड का असर और ज्यादा बढ़ जाएगा।

Weather conditions in Punjab will change, with warnings of rain and strong winds