लंदन: ब्रिटेन में गैर-मुस्लिम युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनका धर्म परिवर्तन कराने वाले संदिग्ध सिंडिकेट को लेकर एक बार फिर गंभीर विवाद खड़ा हो गया है। इंग्लैंड में एक 19 वर्षीय अमृतधारी सिख युवती के कथित तौर पर लव-जिहाद और ‘ग्रूमिंग गैंग’ का शिकार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवती के परिजनों ने आरोप लगाया है कि एक पाकिस्तानी मूल के मुस्लिम युवक ने उनकी बेटी को अपने जाल में फंसाकर उसका जबरन निकाह कराया और धर्म परिवर्तन करवा दिया। इस घटना के बाद सिख समुदाय में भारी रोष और चिंता का माहौल बना हुआ है।
धार्मिक प्रतीकों को त्यागने पर परिजनों को हुआ शक
एक पंजाबी समाचार चैनल से बातचीत में पीड़ित परिवार ने अपना दर्द बयां करते हुए पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। युवती की मां के अनुसार, अमृतधारी होने के बावजूद उनकी बेटी ने अचानक गुरुद्वारे जाना और रोजाना का नितनेम (पाठ-पूजा) बंद कर दिया था। जब परिवार ने उसे समझाने का प्रयास किया, तो उसने धार्मिक परंपराओं पर सवाल उठाने शुरू कर दिए और उसका व्यवहार अचानक चिड़चिड़ा व आक्रामक होने लगा। बाद में परिजनों को पता चला कि वह एक पाकिस्तानी मूल के युवक के संपर्क में थी। परिवार की लाख कोशिशों और समझाइश के बावजूद युवती घर छोड़कर चली गई और कड़ा व सिरी साहिब जैसे पवित्र धार्मिक प्रतीकों को उतार दिया। अब लाचार माता-पिता ने समुदाय और प्रशासन से अपनी बेटी की सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है।
पश्चिमी देशों में सिर उठा रहा ग्रूमिंग गैंग का नेटवर्क
ब्रिटेन समेत कई पश्चिमी देशों में सक्रिय ग्रूमिंग नेटवर्क को लेकर लंबे समय से गंभीर सवाल उठते रहे हैं। सामाजिक संगठनों और विश्लेषकों के अनुसार, ये गिरोह सोची-समझी रणनीति के तहत अन्य समुदायों की नाबालिग बच्चियों और कम उम्र की युवतियों को झूठे प्रेमजाल में फंसाते हैं। इसके बाद उनका भावनात्मक और शारीरिक शोषण कर उन्हें अपना मूल धर्म छोड़ने और इस्लाम कबूल करने के लिए विवश किया जाता है। स्थानीय स्तर पर ऐसी कई घटनाएं पहले भी दर्ज हो चुकी हैं, जिन पर ब्रिटिश संसद से लेकर मानवाधिकार मंचों तक बहस हो चुकी है।
नाबालिगों को निशाना बनाए जाने से बढ़ा आक्रोश
ब्रिटेन में इस तरह के गिरोहों की सक्रियता ने सिख समुदाय को गहरे संकट में डाल दिया है। इससे पहले लंदन के हाउसलो इलाके में भी 14 वर्षीय एक मासूम सिख बच्ची को बहला-फुसलाकर अगवा करने और एक फ्लैट में बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का जघन्य मामला सामने आया था। उस घटना के बाद भी पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों की सुस्त कार्यप्रणाली को लेकर भारी विरोध प्रदर्शन हुए थे। अब ताजी घटना के बाद प्रवासी समुदाय ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस से इन संगठित गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।


A 19-year-old Amritdhari Sikh woman fell victim to ‘Love Jihad’ and married a Muslim man




