You are currently viewing अमेरिका में करोड़ों का फ्रॉड कर भारत भागे मंजीत बेदी को जालंधर पुलिस ने दबोचा, FBI का ‘मोस्ट वांटेड’ था भगोड़ा

अमेरिका में करोड़ों का फ्रॉड कर भारत भागे मंजीत बेदी को जालंधर पुलिस ने दबोचा, FBI का ‘मोस्ट वांटेड’ था भगोड़ा

जालंधर: अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भगोड़ों और संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान में जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने अमरीका के बहुचर्चित ‘स्नैप’ (सप्लीमेंटल न्यूट्रिशन असिस्टेंस प्रोग्राम) महाघोटाले में वांछित और मोस्ट वांटेड भगोड़े मंजीत सिंह बेदी को धर दबोचा है। बेदी अमरीकी सरकार की जनकल्याणकारी योजना में करोड़ों रुपये की हेराफेरी करने के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए कनाडा के रास्ते भारत भाग आया था और पंजाब में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।

अमरीका की गरीब कल्याण योजना में की थी करोड़ों की हेराफेरी

मंजीत सिंह बेदी अमरीका की सरकारी पोषण सहायता योजना ‘स्नैप’ में हुए करोड़ों डॉलर के फर्जीवाड़े का मुख्य सूत्रधार है। अमरीका में इस योजना के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को राशन व पोषण सहायता उपलब्ध कराई जाती है। बेदी पर इस योजना में बड़े पैमाने पर वित्तीय धांधली और गबन करने के गंभीर आरोप तय किए गए थे। अमरीकी संघीय जांच एजेंसियों ने उसे अपनी ‘मोस्ट वांटेड फ्रॉडस्टर्स’ की फेहरिस्त में शामिल कर रखा था और उसकी गिरफ्तारी पर बड़ा इनाम भी घोषित था।

शर्तें तोड़कर कनाडा के रास्ते भागा, पंजाब पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल

अमरीकी अदालतों और जांच एजेंसियों की सख्ती बढ़ती देख बेदी ने अप्रैल 2026 में बेहद शातिराना चाल चली। वह पाबंदियों को तोड़कर कार के जरिए अमरीका से कनाडा सीमा पार कर गया और वहां से हवाई मार्ग से भारत पहुंच गया। वह लंबे समय से पंजाब के अलग-अलग इलाकों में नाम और पहचान बदलकर छिप रहा था। हालांकि, पंजाब पुलिस की खुफिया शाखा ने उसके गुप्त नेटवर्क को ट्रेस कर लिया और जालंधर कमिश्नरेट पुलिस ने पुख्ता इनपुट के आधार पर सटीक घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू, अमरीकी एजेंसियों से संपर्क साधा गया

जालंधर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि सात समंदर पार अपराध करके भी कानून के लंबे हाथों से बच पाना नामुमकिन है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मंजीत सिंह बेदी की गिरफ्तारी की आधिकारिक सूचना संबंधित केंद्रीय मंत्रालयों और अमरीकी दूतावास व जांच एजेंसियों के साथ साझा की जा रही है। अब कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए आरोपी के प्रत्यर्पण (Extradition) की प्रक्रिया शुरू की जाएगी ताकि उसे अमरीकी अदालत के सामने पेश किया जा सके।

Jalandhar Police nabbed Manjit Bedi, who had fled to India after committing a multi-crore fraud in the US