लुधियाना: शहर के सिविल सिटी इलाके में कुत्ते को लेकर उपजा मामूली विवाद कुछ ही पलों में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। जन्मदिन का केक खरीदने निकली एक युवती के साथ मनचले युवकों ने सरेराह बदसलूकी की और जब उसे बचाने पिता और भाई पहुंचे, तो आरोपियों ने ताबड़तोड़ 6 राउंड गोलियां बरसा दीं। इस सनसनीखेज वारदात में गोली लगने से पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
‘कुत्ता काटता तो नहीं?’ बस इतनी सी बात पर भड़का आरोपी
अस्पताल में उपचाराधीन घायल युवक वंश ने बताया कि बुधवार को उसके पिता का जन्मदिन था और पूरा परिवार खुशी का माहौल मना रहा था। उसकी बहन घर के पास ही स्थित सिविल सिटी इलाके में केक लेने गई थी। रास्ते में एक स्थानीय युवक अपने पालतू कुत्ते को टहला रहा था। युवती ने सामान्य लहजे में केवल इतना पूछ लिया कि ‘कुत्ता काटता तो नहीं है?’ इस साधारण से सवाल पर युवक आगबबूला हो गया और उसने युवती के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया।
बचाव में पहुंचे पिता-भाई तो घर से बंदूक निकाल लाया हमलावर
युवती ने मौके से तुरंत फोन कर अपने पिता और भाई को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दोनों घटनास्थल पर पहुंचे और युवक से बदसलूकी की वजह पूछी। बातचीत के दौरान बहस बढ़ गई, जिसके बाद आरोपी युवक तैश में आकर दौड़ता हुआ अपने घर गया और वहां से बंदूक उठा लाया। उसने मौके पर पहुंचते ही बिना किसी हिचकिचाहट के सीधे पिता-पुत्र पर फायरिंग शुरू कर दी।
6 राउंड फायरिंग से इलाके में दहशत, पिता के पैर में फंसी गोली
पीड़ित वंश के अनुसार, आरोपी ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए पहले 2 हवाई फायर किए और फिर सीधे उन्हें निशाना बनाते हुए 4 गोलियां दाग दीं। हमले में पिता और पुत्र दोनों की बाईं टांग में गोली लगी। वंश के पैर से गोली आर-पार निकल गई, जबकि उसकी बाजू पर भी गंभीर वार किए गए, जिसमें 9 टांके आए हैं। वहीं, पिता की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है क्योंकि गोली अभी भी उनकी टांग की हड्डी में फंसी हुई है, जिसे निकालने के लिए डॉक्टर सर्जरी की तैयारी कर रहे हैं।
गोली लगने से पिता-पुत्र अस्पताल में, पुलिस कह रही- ‘सूचना नहीं’
इतनी बड़ी और दुस्साहसिक वारदात के बावजूद स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। दोनों घायलों के अस्पताल में भर्ती होने और डॉक्टरों द्वारा इलाज शुरू किए जाने के बावजूद एसएचओ हैबोवाल का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में जरूर आया है और जांच की जा रही है, लेकिन उन्हें अभी तक गोली चलने की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि पूरी जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Bloody clash over a dog in Punjab: Young woman harassed while out to pick up a birthday cake




