You are currently viewing पंजाब में ऑनर किलिंग: चरित्र पर शक के चलते पिता ने 19 वर्षीय बेटी को उतारा मौत के घाट, घर के पास गड्ढा खोदकर दफनाया

पंजाब में ऑनर किलिंग: चरित्र पर शक के चलते पिता ने 19 वर्षीय बेटी को उतारा मौत के घाट, घर के पास गड्ढा खोदकर दफनाया

अमृतसर: अमृतसर में ऑनर किलिंग का रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने जुर्म छिपाने के लिए शव को घर के पास ही गड्ढा खोदकर जमीन में दफना दिया। पुलिस ने प्रशासनिक निगरानी में जमीन खोदकर युवती के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में ले लिया है। मृतका की शिनाख्त नवनीत कौर (19) के रूप में हुई है।

बड़ी बेटी के प्रेम विवाह के बाद से छोटी पर गहराया था शक

मृतका की मां सरबजीत कौर के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में मां ने बताया कि करीब आठ महीने पहले उनकी बड़ी बेटी ने अपनी मर्जी से भागकर प्रेम विवाह कर लिया था। इस घटना के बाद से ही घर में लगातार क्लेश और विवाद का माहौल बना हुआ था। आरोपी पिता के सिर पर सनक इस कदर सवार थी कि वह अपनी 19 वर्षीय दूसरी बेटी नवनीत कौर के चरित्र पर भी शक करने लगा था कि उसका भी किसी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है।

विवाद के बाद मायके चली गई थी मां, पीछे से दिया वारदात को अंजाम

सरबजीत कौर ने बताया कि घरेलू कलह और पति के लगातार धमकाने के चलते वह कुछ दिन पहले अपने मायके चली गई थी। पति आए दिन उसके साथ गाली-गलौज करता था और उसे घर छोड़कर चले जाने का दबाव बनाता था। मां की गैर-मौजूदगी का फायदा उठाकर आरोपी पिता ने बेटी की हत्या कर दी और चुपचाप शव को दफना कर राज दबाने की कोशिश की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

Punjab honour killing: Father kills 19-year-old daughter over suspicion of her character