बठिंडा: पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के एक और विधायक अपने परिवार के चलते विवादों में घिर गए हैं। भुच्चो विधानसभा हलके से आप विधायक मास्टर जगसीर सिंह के बेटे हरसिमरन सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक पुत्र बिना किसी संवैधानिक या प्रशासनिक पद पर रहते हुए पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PSPCL/पावरकॉम) के एक वरिष्ठ अधिकारी को फोन पर रौब झाड़ते और सीधे निर्देश देते नजर आ रहे हैं। इस मामले के सामने आने के बाद सियासी गलियारों में भारी घमासान मच गया है।
‘फर्जी मोटर को लीज पर न दिया जाए, न लैच लगाया जाए’
सोशल मीडिया पर वायरल हुई क्लिप में हरसिमरन सिंह फोन पर पावरकॉम के गोनियाना मंडी सब-डिवीजन के एसडीओ (SDO) केवल सेठी को कड़े लहजे में हड़काते सुनाई दे रहे हैं। वह अधिकारी से कहते दिख रहे हैं कि ‘न तो फर्जी मोटर को लीज पर दिया जाए और न ही कोई नया लैच (बिजली कनेक्शन) लगाया जाए।’ बातचीत के दौरान उनका रवैया इतना आक्रामक दिखा कि उन्होंने एसडीओ को सीधी चेतावनी देते हुए कह डाला, ‘तुम इस गांव में लैच को छू भी नहीं सकते।’
हररायपुर गांव की मोटर को लेकर छिड़ा विवाद
यह पूरा मामला भुच्चो हलके के अंतर्गत आते गांव हररायपुर का बताया जा रहा है। वीडियो में हरसिमरन सिंह एसडीओ को यह बताते हैं कि वह खुद इस समय हररायपुर गांव में ही मौजूद हैं और वहां जो तालाब के पास मोटर का कनेक्शन दिया गया है, वह पूरी तरह फर्जी है। इसी कनेक्शन को लेकर वह सीधे तौर पर पावरकॉम के एसडीओ पर दबाव बनाते और अपनी शर्तों पर काम करने का हुक्म सुनाते नजर आ रहे हैं।
संवैधानिक पद न होने के बावजूद हुकूमत चलाने पर विपक्ष हमलावर
किसी भी सरकारी या संवैधानिक पद पर न होने के बावजूद एक विधायक के बेटे द्वारा क्लास-वन स्तर के अधिकारी को इस तरह सरेआम धमकाने और निर्देश देने का मामला तूल पकड़ चुका है। वीडियो सामने आते ही आम आदमी पार्टी की ‘बदलाव’ वाली सरकार विपक्ष के सीधे निशाने पर आ गई है। विपक्षी दल सवाल उठा रहे हैं कि क्या पंजाब में अब विधायकों के रिश्तेदार प्रशासनिक तंत्र चलाएंगे? इस पूरे घटनाक्रम ने विधायक मास्टर जगसीर सिंह की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं।


AAP MLA’s son directly threatens Powercom SDO over phone, sparking political uproar




