You are currently viewing जालंधर के गुरुद्वारा साहिब में हथियारों संग घुसने की कोशिश, बुजुर्ग ने दिखाया साहस; बदमाश भागे; CCTV में घटना कैद

जालंधर के गुरुद्वारा साहिब में हथियारों संग घुसने की कोशिश, बुजुर्ग ने दिखाया साहस; बदमाश भागे; CCTV में घटना कैद

जालंधर: महानगर में नकोदर चौक के पास स्थित अजित नगर के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में मंगलवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। हथियारों से लैस दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने जबरन गुरुद्वारा साहिब परिसर में दाखिल होने का प्रयास किया। हालांकि, मौके पर मौजूद एक बुजुर्ग सेवादार के विरोध और सूझबूझ के चलते बदमाशों के नापाक मंसूबे नाकाम हो गए। यह पूरी खौफनाक वारदात गुरुद्वारा साहिब के बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है।

बुजुर्ग को धक्का देकर अंदर घुसने का प्रयास, शोर मचते ही उड़े होश

गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार हरजोत सिंह लक्की ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह वाकया मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे पेश आया। उस समय भीतर कुछ सेवादार सेवा कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान एक बुजुर्ग श्रद्धालु अपना स्कूटर बाहर खड़ा कर जैसे ही गुरुद्वारा साहिब के अंदर जाने लगे, तभी बाइक सवार दो संदिग्ध युवक वहां आ धमके। एक युवक बाहर गली में बाइक स्टार्ट कर खड़ा रहा, जबकि दूसरे ने हथियार के बल पर बुजुर्ग को धक्का देकर अंदर घुसने की कोशिश की। बुजुर्ग ने जरा भी घबराए बिना तत्परता से उनका पुरजोर विरोध किया और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।

सेवादारों को आता देख बाइक पर बैठकर हुए फरार

बुजुर्ग का शोर सुनते ही भीतर सेवा कर रही संगत और अन्य सेवादार तुरंत मुख्य दरवाजे की ओर दौड़े। लोगों को अपनी तरफ आता देख दोनों युवकों के हाथ-पांव फूल गए और वे आनन-फानन में मोटरसाइकिल पर सवार होकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। मुख्य सेवादार हरजोत सिंह लक्की ने गहरी आशंका जताई है कि आरोपी लूटपाट करने या किसी बड़ी बेअदबी की साजिश को अंजाम देने की नीयत से गुरुद्वारा साहिब में घुसने की फिराक में थे।

पुलिस को सौंपी गई CCTV फुटेज, 3 दिन का अल्टीमेटम

वारदात के बाद सिख संगत और इलाके के लोगों में भारी रोष व्याप्त है। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की तरफ से संबंधित पुलिस थाने में औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज करवाई गई है और घटना के पुख्ता सबूत के तौर पर सीसीटीवी फुटेज पुलिस अधिकारियों को सौंप दी गई है। लक्की ने बताया कि पुलिस प्रशासन ने तीन दिन के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने का ठोस आश्वासन दिया है। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि तय समयसीमा में आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा गया, तो समूह सिंह सभाओं और विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों के साथ बैठक कर सड़कों पर उतरकर तीखा प्रदर्शन किया जाएगा।

An elderly man showed courage when he attempted to enter Gurudwara Sahib