You are currently viewing पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा के तीन दोस्तों की मौत, छप्पड़ में गिरते ही डूबी कार, नहीं निकल सके बाहर

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा के तीन दोस्तों की मौत, छप्पड़ में गिरते ही डूबी कार, नहीं निकल सके बाहर

लुधियाना: जिले के रायकोट क्षेत्र में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के तीन करीबी दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान आम आदमी पार्टी के नेता बलकार सिंह, विशाल और संदीप के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पांचों व्यक्ति नकोदर से कार में सवार होकर दिड़बा की ओर जा रहे थे। रात करीब 1:15 बजे, जगराओं से लगभग 12 किलोमीटर दूर रायकोट के कस्बा बसियां के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित छप्पड़ में जा गिरी। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी। पानी में गिरते ही कार तेजी से डूब गई, जिससे उसमें सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

हादसे से पहले परिवार से हुई थी बात

हादसे में जान गंवाने वाले संदीप के मामा शेर सिंह ने बताया कि उन्होंने रात को संदीप से फोन पर बात की थी। संदीप ने कहा था कि वे माथा टेकने के बाद वापस लौट रहे हैं। कुछ समय बाद उनके बड़े भांजे का फोन आया और उसने बताया कि संदीप की कार का जालंधर के पास हादसा हो गया है।सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल की ओर रवाना हुए। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में मातम छा गया।

तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण

कार के तालाब में गिरने के दौरान जोरदार आवाज हुई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे पांचों लोगों को बाहर निकाला गया। इनमें से तीन लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि दो घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए शव

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं, घायल दोनों लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कार का अनियंत्रित होना हादसे की वजह बताया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज कर रही है।

Three friends of Punjab Finance Minister Harpal Cheema died; their car sank immediately