लुधियाना: लुधियाना शहर में तीन झपटमारों को सरेआम मोबाइल लूटना उस वक्त भारी पड़ गया, जब पीड़ितों ने खौफ खाने के बजाय जबरदस्त हिम्मत दिखाई। बाइक सवारों से मोबाइल छीनकर भाग रहे इन बदमाशों का पीड़ितों ने पीछा किया और उन्हें धर दबोचा। बीच सड़क पर हुई इस घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, पीड़ितों ने अपना छीना हुआ मोबाइल तो वापस छीन लिया, लेकिन इस अफरातफरी के बीच दो शातिर आरोपी मौका पाकर वहां से रफूचक्कर हो गए।
खंभे से बांधकर उतारे कपड़े, सरेआम की धुनाई
दो झपटमारों के भागने के बाद पब्लिक के हत्थे चढ़े तीसरे आरोपी की लोगों ने जमकर क्लास लगाई। भीड़ का गुस्सा सातवें आसमान पर था। उग्र लोगों ने पहले तो इस झपटमार की जमकर पिटाई की और फिर उसके कपड़े उतारकर उसे अर्धनग्न हालत में बिजली के खंभे से बांध दिया। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम को करीब दो घंटे तक इस आरोपी को खंभे से बांधकर रखा गया और लोग उससे सख्ती से पूछताछ करते रहे। इसी बीच वहां पहुंचे कुछ अन्य लोगों ने भी उस पर आरोप लगाया कि पिछले सप्ताह आलमगीर रोड पर उनका मोबाइल भी इसी व्यक्ति ने झपटा था। यह सुनकर भीड़ का गुस्सा और भड़क गया और उसकी फिर से धुनाई शुरू हो गई।
पुलिस से उठ चुका है भरोसा, परिजनों के हवाले किया झपटमार
दो घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान आरोपी ने अपना सही पता-ठिकाना नहीं बताया। बाद में किसी तरह सूचना पाकर झपटमार के परिजन मौके पर पहुंचे और उसे भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने साथ ले गए। हैरानी की बात यह रही कि इतनी बड़ी वारदात और बवाल के बावजूद वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को इस मामले की कोई भी औपचारिक शिकायत नहीं दी। लोगों का स्पष्ट तौर पर यह कहना था कि पुलिस को शिकायत देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है, इसलिए उन्होंने शिकायत दर्ज कराना जरूरी नहीं समझा।


Public fury in Punjab: A snatcher, who fled after snatching a mobile phone, was tied to a pole








