लुधियाना: अगर आप भी बाहर का जंक फूड या पिज्जा खाने के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके होश उड़ा देगी। माछीवाड़ा साहिब स्थित एक मशहूर ‘फूड कैफे’ में परोसे गए पिज्जा के अंदर से एक जिंदा सुंडी (कीड़ा) रेंगती हुई मिलने से ग्राहकों में भारी दहशत फैल गई है। घटना की जानकारी देते हुए हेडो बेट गांव निवासी विशाल ने बताया कि उन्होंने इस फूड कैफे से एक पिज्जा ऑर्डर किया था। जब पिज्जा उनकी टेबल पर परोसा गया और वह उसे खाने लगे, तो अचानक उनकी नजर पिज्जा के अंदर रेंगती हुई एक जिंदा सुंडी पर पड़ी, जिसे देखकर उनके रोंगटे खड़े हो गए।
कैफे मैनेजर ने दबाना चाहा मामला, स्वास्थ्य विभाग ने किया भंडाफोड़
इस घिनौने वाकये के तुरंत बाद विशाल ने कैफे के मैनेजर से इसकी शिकायत की। बदनामी से बचने के लिए मैनेजर ने चालाकी दिखाते हुए पिज्जा बदलकर नया पिज्जा देने की पेशकश की, लेकिन विशाल ने इसे साफ ठुकरा दिया और तुरंत माछीवाड़ा साहिब के स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना दे दी। शिकायत मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डॉ. दविंदर वर्मा की अगुवाई में फूड कैफे पर रेड मार दी। गहन जांच के दौरान कैफे में साफ-सफाई की भारी कमियां और अनियमितताएं पाई गईं। डॉ. दविंदर ने बताया कि पूछताछ में मैनेजर ने भी पिज्जा में सुंडी होने की बात कबूल कर ली है। इसके बाद नगर परिषद के इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने सख्त कार्रवाई करते हुए इस कैफे का चालान काट दिया है।
‘मोर’ सुपरमार्केट में भी मिला एक्सपायरी सामान, कूड़े में फिंकवाया
स्वास्थ्य विभाग की यह कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। कैफे के ठीक ऊपर स्थित ‘मोर’ (More) ग्रोसरी स्टोर का जब डॉ. दविंदर वर्मा ने मुआयना किया, तो वहां भी लोगों की सेहत से खिलवाड़ का बड़ा खेल पकड़ा गया। स्टोर में बड़ी मात्रा में खाने-पीने का ऐसा सामान रखा हुआ था, जिसकी एक्सपायरी डेट (मियाद) खत्म हो चुकी थी। डॉ. वर्मा ने हैरानी जताते हुए बताया कि कुछ महीने पहले भी इसी स्टोर से एक्सपायरी डेट का भारी स्टॉक जब्त किया गया था, लेकिन इन्होंने कोई सबक नहीं लिया। इसके बाद नगर परिषद इंस्पेक्टर भूपिंदर सिंह ने तुरंत ‘मोर’ स्टोर का भी चालान काटा और सारे एक्सपायरी सामान को जब्त कर नगर परिषद की कूड़े वाली ट्रॉली में फिंकवा दिया। इस पूरी घटना के बाद डॉ. वर्मा ने आम जनता से अपील की है कि वे बाहर के जंक फूड से बचें, घर का बना साफ-सुथरा खाना ही खाएं और किसी भी स्टोर से सामान खरीदने से पहले उसकी एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें।


Live maggot found crawling in pizza; young man left horrified by the sight; Health Department raid exposes








