लुधियाना: सिख धर्म पर अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपी चेतन शर्मा की गिरफ्तारी न होने से भड़के सिख संगठनों और निहंग जत्थों ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब के सबसे महंगे लाडोवाल टोल प्लाजा पर धरना शुरू कर दिया है और टोल को पूरी तरह से फ्री करवा दिया है। सिख संगठनों ने प्रशासन को सीधी और सख्त चेतावनी दी है कि जब तक पुलिस आरोपी के खिलाफ ठोस कार्रवाई कर उसे सलाखों के पीछे नहीं भेजती, तब तक उनका यह धरना यूं ही जारी रहेगा और किसी भी वाहन से कोई टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा।
25 दिन बाद भी खाली हैं पुलिस के हाथ
प्रदर्शनकारियों और सिख जत्थेबंदियों का आरोप है कि आरोपी चेतन शर्मा के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई बेहद ढीली और निराशाजनक रही है। घटना को 25 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने में नाकाम रही है, जिसके चलते वह खुलेआम घूम रहा है। सिख संगठनों का कहना है कि चेतन शर्मा द्वारा सिख धर्म के प्रति की गई बेहद गंदी टिप्पणी कतई बर्दाश्त करने लायक नहीं है। अपनी मांगों को लेकर संगठनों ने इससे पहले पुलिस कमिश्नर (सीपी) दफ्तर पर भी धरना दिया था, लेकिन प्रशासन ने कोई सख्त एक्शन नहीं लिया, जिसके बाद उन्हें मजबूरन यह बड़ा कदम उठाना पड़ा।
सिर्फ एक लेन चालू होने से रेंग रहे वाहन, राहगीर बेहाल
सिख संगठनों ने टोल टैक्स तो बंद करवा दिया है, लेकिन वाहनों की आवाजाही के लिए सिर्फ एक ही लेन चालू रखी है। लुधियाना से जालंधर की तरफ जाने वाली सड़क पर केवल एक लेन से गाड़ियां निकाले जाने के कारण वहां भारी ट्रैफिक जाम लग गया है और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, राहत की बात यह है कि जालंधर की तरफ से आने वाली साइड में ज्यादातर लेनों को खोल दिया गया है, जहां से वाहन बिना किसी टैक्स के फ्री में निकल रहे हैं।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात, बातचीत का दौर जारी
लाडोवाल टोल प्लाजा पर सिख संगठनों के धरने और माहौल गरमाने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थिति को संभालने के लिए सबसे पहले लाडोवाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत आसपास के अन्य थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुला लिया गया। फिलहाल, पुलिस के आला अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों के साथ बातचीत कर रहे हैं और मामले को शांत कर धरने को खत्म करवाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।


Sikh organizations make Punjab’s most expensive Ladowal toll free; massive traffic jam ensues.








