You are currently viewing नाबालिग लड़की को सिरफिरे बॉयफ्रेंड ने किया अगवा, पुलिस से बचने के लिए खेल रहा WhatsApp का शातिर खेल

नाबालिग लड़की को सिरफिरे बॉयफ्रेंड ने किया अगवा, पुलिस से बचने के लिए खेल रहा WhatsApp का शातिर खेल

लुधियाना: लुधियाना में एक सिरफिरे आशिक ने अपनी नाबालिग गर्लफ्रेंड को अगवा कर लिया है और उसे अपनी कैद में रखा हुआ है। अपहरणकर्ता इतना शातिर है कि वह पुलिस से बचने के लिए हाई-टेक तरीके अपना रहा है। इस घटना के बाद से लड़की का परिवार खौफ में है, वहीं पुलिस ने जमालपुर थाने में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

बहन को भेज रही रोते हुए वीडियो, जीजा से लगाई गुहार

कैद में फंसी नाबालिग लगातार अपनी बहन को वॉट्सऐप के जरिए वीडियो और ऑडियो मैसेज भेज रही है। बहन को भेजे गए एक वीडियो में नाबालिग जोर-जोर से रोती हुई नजर आ रही है, हालांकि खौफ के कारण वह कुछ बोल नहीं पा रही है। इसके अलावा उसने वॉट्सऐप पर एक भावुक वॉइस मैसेज भी भेजा है जिसमें वह अपने जीजा से मिन्नतें करते हुए कह रही है, “जीजा जी आपने मुझे अपनी बेटी माना है, एक बार मुझसे बात कर लो।” इस संदेश ने परिवार की चिंता को और बढ़ा दिया है।

लोकेशन ट्रेस न हो, इसलिए अपनाई शातिर चाल

आरोपी बॉयफ्रेंड राजू पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए बेहद चालाकी से काम ले रहा है। वह नाबालिग से बात करवाने या कोई भी संदेश भेजने के लिए सामान्य फोन कॉल का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं कर रहा है। इसके बजाय, वह सिर्फ वॉट्सऐप कॉल या वॉइस मैसेज का सहारा ले रहा है ताकि पुलिस उसकी सटीक लोकेशन को ट्रेस न कर सके। उसकी इस शातिर चाल की वजह से पुलिस को उस तक पहुंचने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।

साइबर सेल की ली जा रही मदद, पुलिस ने बिछाया जाल

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी राजू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) (अपहरण) और धारा 96 (गलत उद्देश्य से नाबालिग को फुसलाना) के तहत जमालपुर थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी बहुत शातिर है, इसलिए उसे पकड़ने के लिए साइबर सेल की खास मदद ली जा रही है और एक गुप्त जाल बिछाया गया है। अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि चूंकि लड़की नाबालिग है, इसलिए कानून की नजर में उसकी सहमति के कोई मायने नहीं हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लड़की को सुरक्षित बचा लिया जाएगा।

Obsessed boyfriend abducts minor girl; plays a cunning WhatsApp game