You are currently viewing ‘मुझे बहुत दर्द हो रहा है…’ पत्नी से फोन पर कहे थे ये आखिरी शब्द, ड्यूटी के दौरान सेना के जवान का हार्ट अटैक से निधन

‘मुझे बहुत दर्द हो रहा है…’ पत्नी से फोन पर कहे थे ये आखिरी शब्द, ड्यूटी के दौरान सेना के जवान का हार्ट अटैक से निधन

लुधियाना: भारतीय सेना की 5 सिख लाइट इन्फैंट्री में तैनात लुधियाना के जवान सिकंदर सिंह का दिल्ली में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया है। शुक्रवार सुबह जैसे ही उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव गगड़ा पहुंचा, पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई और मातम पसर गया। तिरंगे में लिपटे जवान को देखकर उनकी पत्नी और दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल था। देश के इस वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए गांव में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके भाई ने उन्हें नम आंखों से मुखाग्नि दी।

आखिरी कॉल पर छलका था सीने का दर्द

शहीद जवान की पत्नी रमनजीत कौर ने बताया कि उनके पति जनवरी में 45 दिन की छुट्टी बिताकर घर से वापस ड्यूटी पर मार्च में लौटे थे। उन्होंने भरे गले से बताया कि सिकंदर से उनकी आखिरी बात महज चार दिन पहले हुई थी। उस आखिरी फोन कॉल पर उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा था कि उनके सीने में बहुत तेज दर्द हो रहा है और उनसे बोला नहीं जा रहा है। दर्द इतना ज्यादा था कि वह फोन पर अपनी दोनों प्यारी बेटियों से बात तक नहीं कर पाए थे और कुछ ही दिन बाद उनकी मौत की मनहूस खबर परिवार तक पहुंच गई।

शादी के बाद पत्नी को एमए और बीएड तक पढ़ाया

रमनजीत कौर को आज भले ही अपने पति के यूं अचानक चले जाने का गहरा सदमा लगा है, लेकिन उन्हें सिकंदर पर बेहद फख्र भी है। उन्होंने बताया कि सिकंदर ने हमेशा उन्हें जिंदगी में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। शादी के बाद भी उन्होंने पत्नी की पढ़ाई का जिम्मा उठाया और उन्हें एमए तथा बीएड तक की उच्च शिक्षा दिलाई। अपनी दोनों बेटियों के भविष्य और पढ़ाई को लेकर हमेशा फिक्रमंद रहने वाले सिकंदर आज अपने परिवार को हमेशा के लिए अकेला छोड़ गए हैं। अब उनकी पत्नी ने सरकार से नम आंखों से बस यही गुजारिश की है कि प्रशासन उनके बच्चों के सिर पर हमेशा अपना हाथ रखे और उनके सुरक्षित भविष्य का सहारा बने।

These were the last words he spoke to his wife over the phone