You are currently viewing बिना किसी औजार के हाथों से ही उखाड़ दिया डेयरी का शटर, रेंगते हुए अंदर घुसा चोर; गल्ले से 10 हजार रुपए कैश लेकर फरार

बिना किसी औजार के हाथों से ही उखाड़ दिया डेयरी का शटर, रेंगते हुए अंदर घुसा चोर; गल्ले से 10 हजार रुपए कैश लेकर फरार

लुधियाना: लुधियाना में चोरी की एक बेहद हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। यहां के बाबा शहीदां वाले चौक स्थित ‘काका डेयरी’ को दो चोरों ने अपना निशाना बनाया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों ने शटर तोड़ने के लिए किसी लोहे के औजार का इस्तेमाल नहीं किया, बल्कि अपने हाथों के दम पर ही शटर को ऊपर की ओर उखाड़ दिया। इसके बाद चोर दुकान के गल्ले में रखे 10 हजार रुपए कैश लेकर फरार हो गए। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सुबह दुकान खोलने पहुंचे मालिक के उड़े होश, CCTV से खुला राज

डेयरी मालिक काका ने बताया कि वह रोज की तरह जब सुबह अपनी दुकान खोलने के लिए पहुंचे, तो शटर टूटा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। अनहोनी की आशंका के चलते जब उन्होंने तुरंत अंदर जाकर गल्ला चेक किया, तो उसमें रखी सारी नकदी गायब थी। इसके बाद जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, तो चोरों की इस शातिर करतूत का खुलासा हुआ।

रेंगते हुए अंदर घुसा चोर, बाहर साथी दे रहा था पहरा

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि 4 तारीख की रात दो चोर दुकान के बाहर पहुंचे और अपनी पूरी ताकत लगाकर हाथों से ही शटर को थोड़ा ऊपर की ओर उखाड़ दिया। किसी को शक न हो, इसलिए वे तुरंत वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद फिर लौट आए। इसके बाद एक चोर शटर के नीचे से रेंगते (लेटते) हुए दुकान के अंदर दाखिल हुआ और सीधे गल्ले से कैश निकाल लिया, जबकि उसका दूसरा साथी बाहर खड़े होकर पहरा देता रहा।

चोरों के हुलिए की पहचान, इलाके के व्यापारियों में दहशत

फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दुकान के अंदर घुसे चोर ने कुर्ता-पायजामा और वास्केट पहनी हुई थी, साथ ही उसके सिर पर पीले रंग का रुमाल बंधा था। वहीं, बाहर खड़े उसके दूसरे साथी ने पैंट-शर्ट पहनी हुई थी और कंधे पर एक साइड बैग टांगा हुआ था। हालांकि, इस पूरे मामले में डेयरी मालिक काका ने पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। उनका कहना है कि नुकसान ज्यादा नहीं हुआ, इसलिए वे पुलिस के पचड़े में नहीं पड़ना चाहते। फिलहाल, इस तरह बिना औजार के शटर उखाड़ने का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद से इलाके के अन्य दुकानदारों में भारी दहशत का माहौल है। 

Thief pries open dairy shutter by hand without tools, crawls inside