You are currently viewing पंजाब में महज एक साइकिल के लिए कर दिया मर्डर, खेतों में खून से लथपथ मिला मजदूर का शव; आरोपी फरार

पंजाब में महज एक साइकिल के लिए कर दिया मर्डर, खेतों में खून से लथपथ मिला मजदूर का शव; आरोपी फरार

लुधियाना: जिले के जगराओं कस्बे के अधीन आते गांव कुलार में सोमवार सुबह एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां खेतों में बनी मोटर के पास एक 50 वर्षीय प्रवासी मजदूर का शव खून से लथपथ हालत में मिलने से इलाके में दहशत फैल गई। हैरानी की बात यह है कि इस खौफनाक हत्याकांड की वजह महज़ एक साइकिल बनी। साइकिल बेचने के मामूली विवाद में एक व्यक्ति ने अपने ही गांव के साथी को तेजधार हथियार से मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तफ्तीश में जुट गई है।

22 सालों से एक ही जगह कर रहा था काम, खेत मालिक ने दी पुलिस को सूचना

मृतक की पहचान बिहार के लक्ष्मीपुर बिलाही गांव के रहने वाले वैजनाथ यादव (50) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वैजनाथ पिछले करीब 22 सालों से गांव कुलार में किसान प्रदीप सिंह के खेत की मोटर पर ही रहकर मजदूरी का काम कर रहा था। इस खौफनाक घटना का खुलासा सोमवार सुबह उस वक्त हुआ, जब खेत मालिक ने मोटर के पास वैजनाथ का शव खून से सना हुआ देखा। इसके बाद तुरंत थाना चौकीमान पुलिस को सूचना दी गई।

साइकिल बेचने को लेकर था विवाद, नशे में दिया जघन्य वारदात को अंजाम

पुलिस की प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, हत्या का आरोपी चकलेश यादव भी मृतक के ही गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले चकलेश ने वैजनाथ की साइकिल बेच दी थी, जिसे लेकर दोनों के बीच लगातार तनातनी चल रही थी। रविवार देर रात यह विवाद इतना गहरा गया कि चकलेश ने तैश में आकर वैजनाथ पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि आरोपी चकलेश शराब पीने का आदी है और उसने नशे की हालत में ही इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया है।

फरार कातिल की तलाश में पुलिस की छापेमारी तेज

हत्या की सूचना मिलते ही थाना चौकीमान के प्रभारी सुखविंदर सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या का कारण पुरानी रंजिश और साइकिल विवाद ही सामने आया है, लेकिन मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और दावा किया गया है कि उसे जल्द ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाएगा।

Murder committed over a mere bicycle in Punjab; laborer’s blood-soaked body found in the fields